विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रों के लिए राहत, छूटे कौशल विकास पाठ्यक्रम पूरा करने का मिला मौका

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 21 May 2026 03:25 PM (IST)

इलाहाबाद विश्वविद्यालय स्नातक छात्रों के लिए विशेष समर स्कूल आयोजित कर रहा है, ताकि वे छूटे हुए कौशल संवर्धन (एईसी) ...और पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।

HighLights

  1. विश्वविद्यालय गर्मी की छुट्टियों में विशेष समर स्कूल 28 मई से 15 जून तक आयोजित करेगा

  2. स्नातक प्रथम सेमेस्टर में काफी संख्य में छात्रो ने नहीं किए गए थे एईसी और एसईसी कोर्स

  3. प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में दो-दो क्रेडिट के यह कोर्स पूरा करना है अनिवार्य

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के उन स्नातक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है, जिनके कौशल सवंर्धन पाठ्यक्रम (एईसी) या क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम (एसईसी) किसी कारण से छूट गए थे। विश्वविद्यालय अब ऐसे विद्यार्थियों के लिए गर्मी की छुट्टियों में विशेष समर स्कूल शुरू करने जा रहा है। यह समर स्कूल 28 मई से 15 जून तक चलेगा। जरूरत पड़ने पर कोर्स पूरा होने तक कक्षाएं आगे भी जारी रह सकती हैं।

इवि प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया

दो क्रेडिट के यह कोर्स अनिवार्य हैं। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में काफी संख्या में छात्रो ने एईसी और एसईसी कोर्स को पूरा नहीं किया था। ऐसे में उनको द्वितीय सेमेस्टर में दो क्रेडिट के कोर्स के साथ प्रथम सेमेस्टर में छूटे कोर्स को भी पूरा करना था। इसके देखते हुए इवि प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

बीए-बीएससी सेमेस्टर प्रथम व द्वितीय के छात्रों को सुविधा 

यह व्यवस्था बीए और बीएससी सेमेस्टर प्रथम व द्वितीय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के छात्रों के लिए की गई है। जिन विद्यार्थियों ने नियमित सेमेस्टर में स्किल एन्हांसमेंट कोर्सेज या एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्सेज में पंजीकरण नहीं कराया, या फिर तकनीकी, शैक्षणिक, प्रशासनिक, व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक कारणों से कोर्स पूरा नहीं कर पाए, उन्हें अब एक और अवसर मिलेगा। समर स्कूल में कुल 31 एनईपी आधारित दो क्रेडिट कोर्स प्रस्तावित किए गए हैं।

तनाव प्रबंधन आदि पाठ्यक्रम शामिल

खास बात यह है कि ये कोर्स रोजमर्रा की जिंदगी, रोजगार, तकनीक और व्यक्तित्व विकास से भी जुड़े हैं। इनमें स्मार्ट केमिस्ट्री इन डेली लाइफ, वाटर प्यूरीफिकेशन एंड मैनेजमेंट, हाइड्रोपोनिक फार्मिंग, मशरूम कल्टीवेशन, एआइ-आधारित कंप्यूटर साक्षरता, साइबर सिक्योरिटी एंड ला, उद्यमिता एंड स्टार्टअप बेसिक्स, पब्लिक स्पीकिंग, श्रीमद्भगवद्गीता और तनाव प्रबंधन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। 

ऑफलाइन होगा पंजीकरण 

हिंदी के विद्यार्थियों के लिए भी कई रोचक विकल्प रखे गए हैं। इनमें स्वतंत्रता आंदोलन की कहानियां, हिंदी नाटक, हिंदी साहित्य, संपादन कौशल और सामान्य हिंदी जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। यानी छात्र अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार कोर्स चुन सकेंगे। पंजीकरण पूरी तरह ऑफलाइन होगा और इसके लिए छात्रों को संबंधित कोर्स समन्वयक से संपर्क करना होगा।

छात्रों की सूची परीक्षा नियंत्रक कार्यालय भेजी जाएगी 

जहां शुल्क निर्धारित है, वहां विद्यार्थी विश्वविद्यालय के निर्धारित खाते में डिजिटल माध्यम से फीस जमा करेंगे और भुगतान का प्रमाण समन्वयक को देंगे। इसके बाद समन्वयक पंजीकृत छात्रों की सूची परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को भेजेंगे।

यह भी पढ़ें- दिन में लू रात में भी गर्म हवा कर रही परेशान, छह दिनों तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में एक हिस्ट्रीशीटर ने दूसरे की गोली मारकर हत्या की, पान मसाला की गुमटी में आग लगाने से था आक्रोशित