Allahabad University : पीएचडी प्रवेश 2026 के लिए नई मेरिट प्रणाली से मिलेगा दाखिला, 120 अंकों से बनेगी मेरिट
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश 2026 की अंतिम मेरिट सूची शैक्षणिक प्रदर्शन, एनटीए स्कोर और रिसर्च एप्टीट्यूड टेस्ट (आरएटी) पर आधारित होगी।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश की अंतिम सूची में शैक्षणिक प्रदर्शन, एनटीए स्कोर व आरएटी को आधार बनाया जाएगा।
HighLights
अभ्यर्थियों के प्रवेश की राह आसान करेगा PG में 60 प्रतिशत से अधिक अंक
पीजी के प्रदर्शन से अभ्यर्थी शैक्षणिक वर्ग के 20 में से 10 अंक ले सकेंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया-2026 में अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची तैयार करने के लिए शैक्षणिक प्रदर्शन, एनटीए स्कोर और रिसर्च एप्टीट्यूड टेस्ट (आरएटी) को आधार बनाया जाएगा। अंतिम मेरिट अधिकतम 120 अंकों की होगी।
इसमें शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 20, एनटीए परीक्षा के लिए 70 और रिसर्च एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। 20 अंकों के शैक्षणिक वर्ग में अकेले परास्नातक के अच्छे प्रदर्शन से ही अभ्यर्थी अधिकतम 10 अंक हासिल कर सकता है।
मेरिट तैयार करने की सबसे अधिक हिस्सेदारी एनटीए स्कोर की होगी। एनटीए की ओर से आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थी द्वारा प्राप्त कुल अंकों को 70 अंकों के पैमाने पर परिवर्तित किया जाएगा। इसके बाद रिसर्च एप्टीट्यूड टेस्ट यानी आरएटी के प्रदर्शन के लिए अधिकतम 30 अंक मिलेंगे।
इस तरह प्रवेश मेरिट में एनटीए स्कोर और आरएटी मिलकर 100 अंकों का आधार तैयार करेंगे। अभ्यर्थियों के पूर्व शैक्षणिक प्रदर्शन को भी मेरिट में महत्व दिया गया है। हाईस्कूल से अधिकतम दो, इंटरमीडिएट से तीन, स्नातक से पांच और परास्नातक से अधिकतम 10 अंक दिए जाएंगे।
इस प्रकार शैक्षणिक प्रदर्शन के कुल 20 अंक होंगे। हाईस्कूल में 50 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले अभ्यर्थी को कोई अंक नहीं मिलेगा। 50 प्रतिशत या उससे अधिक लेकिन 60 प्रतिशत से कम अंक होने पर एक तथा 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक होने पर दो अंक मिलेंगे।
इसी तरह इंटरमीडिएट में 50 प्रतिशत से कम अंक पर एक, 50 प्रतिशत या उससे अधिक लेकिन 60 प्रतिशत से कम पर दो और 60 प्रतिशत या उससे अधिक पर तीन अंक निर्धारित हैं। स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक पर दो, 50 प्रतिशत से 60 प्रतिशत से कम पर तीन और 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पर पांच अंक मिलेंगे।
शैक्षणिक प्रदर्शन में परास्नातक स्तर के अंक सबसे अधिक प्रभाव डालेंगे। 50 प्रतिशत से 55 प्रतिशत से कम अंक वाले अभ्यर्थी को पांच, 55 प्रतिशत से 60 प्रतिशत से कम पर सात और 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पर 10 अंक दिए जाएंगे। इस व्यवस्था के तहत अधिकतम 20 अकादमिक अंक, 70 एनटीए अंक, 30 आरएटी अंक जुड़कर 120 अंक होंगे। इन्हीं अंकों के आधार पर निर्धारित नियमों के अनुसार अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी।
