Allahabad University में नए विषय संयोजनों से आसान हुआ स्नातक प्रवेश, सीटें भरने में मिली मदद
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नए विषय संयोजनों से स्नातक प्रवेश प्रक्रिया आसान हुई है, जिससे सीटें भरने में भी मदद मिली ...और पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
HighLights
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में समापन की ओर प्रवेश प्रक्रिया
दाखिले की अंतिम तिथि आठ सितंबर निर्धारित की गई है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों को विषय चुनने के लिए पहले की अपेक्षा अधिक विकल्प मिले। इससे न केवल प्रवेश प्रक्रिया आसान हुई बल्कि सीटें भरने में भी मदद मिली है। विश्वविद्यालय ने बीए समेत विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में विषय संयोजनों के बेहतर विकल्प से अभ्यर्थी अपनी रुचि और भविष्य की तैयारी के अनुरूप पसंदीदा विषयों को प्राथमिकता दे पाए।
बीए में इस बार सर्वाधिक 83 विषय संयोजन उपलब्ध कराए गए हैं। इसी तरह बीएससी गणित में 14 और बीएससी जीव विज्ञान में 12 विषय संयोजन निर्धारित किए गए हैं। बीए में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों के लिए विषय संयोजन के चयन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी।
अभ्यर्थियों को पंजीकरण के दौरान कम से कम 40 विषय संयोजन चुनना अनिवार्य किया गया था। इसके पीछे उद्देश्य यह था कि किसी एक विषय संयोजन में सीट उपलब्ध न होने की स्थिति में अभ्यर्थी की प्राथमिकता सूची में शामिल दूसरे संयोजन में प्रवेश का अवसर मिल सके। बीएससी गणित में अभ्यर्थियों को उपलब्ध सभी 14 विषय संयोजन और बीएससी जीव विज्ञान में सभी 12 विषय संयोजन चुनने थे। इस व्यवस्था से प्रवेश प्रक्रिया में विकल्प बढ़े और सीट आवंटन में विश्वविद्यालय को भी सुविधा हुई।
17 पाठ्यक्रमों में करीब चार हजार सीटें भरीं
नए विषय संयोजनों की वजह से बीए समेत स्नातक के 17 पाठ्यक्रमों की करीब 3500 सीटें भर चुकी हैं। विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है और दाखिले की अंतिम तिथि आठ सितंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में शेष सीटों पर भी प्रवेश पूरा होने की उम्मीद है।
