विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में परिवार से रूठकर निकला 11 वर्षीय बालक प्रयागराज जंक्शन पर बरामद, जीआरपी ने ढूंढ निकाला

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 21 Jul 2026 01:00 PM (IST)

प्रयागराज जीआरपी ने 'मिशन शक्ति-5' के तहत आगरा से परिवार से रूठकर आए 11 वर्षीय बालक को जंक्शन पर सकुशल ...और पढ़ें

आगरा का बालक प्रयागराज जंक्शन पर स्वजन व जीआरपी के साथ। सौजन्य : जीआरपी

आगरा का बालक प्रयागराज जंक्शन पर स्वजन व जीआरपी के साथ। सौजन्य : जीआरपी

HighLights

  1. बच्चा मिला तो स्वजन की आंखों से छलके खुशी के आंसू

  2. 'मिशन शक्ति-5' के तहत रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों में जीआरपी मुस्तैद

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। 'मिशन शक्ति-5' के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मुस्तैद जीआरपी (जीआरपीएस) प्रयागराज पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। आगरा से परिवार के सदस्यों से नाराज होकर प्रयागराज पहुंचे 11 वर्षीय बालक को जीआरपी की टीम ने सकुशल ढूंढ निकाला और स्वजन को सुपुर्द कर दिया तो उनकी आंखें खुशी से भर आईं। 

कैसे घटी पूरी घटना?

आगरा जनपद के थाना सदर अंतर्गत मधुनगर निवासी 11 वर्षीष एक बच्चा किसी बात पर घरवालों से रूठ गया। गुस्से में बालक चुपचाप घर से निकला और ट्रेन पकड़कर प्रयागराज जंक्शन पहुंच गया। स्वजन उसकी खोजबीन में जुट गए। प्रयागराज जंक्शन पर बच्चा उतर गया और भीड़ के बीच भटक गया, उसकी लोकेशन प्रयागराज जंक्शन मिलने के बाद स्वजन ने प्रयागराज में मौजूद अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया। बच्चे के प्रयागराज में होने की जानकारी मिलने पर उसके रिश्तेदार (भाई यशपाल गुप्ता) उसे ढूंढने स्टेशन पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा तो बदहवास स्वजन तुरंत थाना जीआरपी प्रयागराज पहुंचे।

15 मिनट में चला 'सर्च आपरेशन'

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह को जैसे ही बच्चे के गुमशुदा होने की सूचना मिली, उन्होंने बिना एक पल गंवाए पुलिस अधीक्षक रेलवे और क्षेत्राधिकारी रेलवे अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने स्टेशन के पैसेंजर हाल, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफार्मों पर तुरंत सघन चेकिंग अभियान चलाया। जीआरपी ने मात्र 15 मिनट के भीतर संस्कार गुप्ता को जंक्शन के पैसेंजर हाल से सुरक्षित बरामद किया।

स्वजन के खिले चेहरे, जताया आभार

सकुशल बरामदगी के बाद बच्चे को उसके फूफा राजू गुप्ता (निवासी शीशमहल चौक, थाना मुट्ठीगंज, प्रयागराज) के सुपुर्द कर दिया गया। अपने मासूम बच्चे को बिल्कुल सुरक्षित देखकर स्वजन को राहत मिली और उनकी आंखें खुशी से छलक उठीं। उन्होंने जीआरपी प्रयागराज की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की प्रशंसा की। इस रेस्क्यू में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, उनि शशिकान्त यादव, उनि फूलचंद्र यादव, उनि अमरजीत यादव, क्यूआरटी व पूरी टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें- UP में बंदरों के बढ़ते उत्पात पर इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगी प्रभावी व व्यापक कार्ययोजना

यह भी पढ़ें- प्रयागराज : शास्त्री पुल की सड़क मरम्मतीकरण के तीन दिन बाद ही उखड़ी, लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता पर उठे सवाल