प्रयागराज : संगम क्षेत्र में मनसैता नाला पर 8 स्थायी पुलिया, 20 करोड़ होंगे खर्च; श्रद्धालुओं का सुगम होगा आवागमन
प्रयागराज के संगम क्षेत्र में मनसैता नाले पर 20 करोड़ रुपये की लागत से 8 स्थायी पुलिया बनाई जाएंगी। यह ...और पढ़ें

प्रयागराज में संगम क्षेत्र के झूंसी की ओर मनसइता नाला। जागरण
HighLights
लगभग 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि एक पुलिया पर खर्च होगी
12 मीटर होगी प्रत्येक पुलिया की चौड़ाई, पांच मीटर रहेगी ऊंचाई
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम क्षेत्र में माघ मेला के दौरान हर वर्ष मनसैता नाला पर पीपा पुलिया बनाकर श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की आवाजाही सुगम की जाती है। अब लोक निर्माण विभाग ने इस अस्थायी व्यवस्था से स्थायी निजात दिलाने की तैयारी शुरू कर दी है। नाले पर आठ स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एक पुलिया के निर्माण में 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च किया जाएगा।
अब वर्ष भर श्रद्धालुओं को होगी सुविधा
स्थायी पुलिया बनने के बाद माघ मेला और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान संगम स्नान को जाने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वर्तमान में मेला अवधि में मनसैता नाला पर पीपा से पुलिया तैयार की जाती हैं। मेला समाप्त होने के बाद इन्हें हटा दिया जाता है। हर वर्ष पुलिया बनाने और हटाने में समय और संसाधन खर्च होते हैं। स्थायी पुलिया बनने से इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
कहां-कहां बनाई जाएगी पुलिया
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-4 कुंभ मेला की ओर से अक्षय वट, त्रिवेणी, महावीर, जगदीश रैंप, काली, मोरी, गंगोली शिवाला और ओल्ड जीटी रोड वाले रूट पर पुलिया बनाई जाएगी। एक पुलिया की चौड़ाई 12 मीटर और ऊंचाई पांच मीटर से अधिक रहेगी। इन स्थानों का चयन संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
माघ मेला में श्रद्धालुओं को होगी सुविधा
पुलिया बनने से मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। संगम क्षेत्र में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। माघ मेला, महाकुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां आने वाले लोगों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मनसैता नाले पर स्थायी पुलिया होने से भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
संगम क्षेत्र में मनसैता नाला पर आठ पुलिया स्थायी पुलिया बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संगम क्षेत्र में आवागमन के लिए हर वर्ष पीपा पुलिया पर निर्भरता कम हो जाएगी। साथ ही स्थायी ढांचा तैयार होने से श्रद्धालुओं को सालभर बेहतर सुविधा मिल सकेगी। 20 करोड़ रुपये की धनराशि आठों पुलिया को बनाने में खर्च होगा।
- सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि निर्माण खंड-4 कुंभ मेला, प्रयागराज।
