गंगा दशहरा पर घरों में हुआ पूजन
गंगा दशहरा का पर्व लाकडाउन की पाबंदियों के कारण घर में मनाया गया। लोगों ने स्वजनों के साथ हवन व पूजन करके मां गंगा का आशीर्वाद लिया।
जासं, प्रतापगढ़ : गंगा दशहरा का पर्व लाकडाउन की पाबंदियों के कारण घर में मनाया गया। लोगों ने स्वजनों के साथ हवन व पूजन करके मां गंगा का आशीर्वाद लिया।
गंगा अवतरण के इस पर्व पर हर वर्ष शहर के बेल्हा देवी धाम में हजारों दीप जला करते थे। मेला और उत्सव होता था। इस बार लॉकडाउन का पालन करते हुए मुख्य पुजारी राजा पंडा ने सई को गंगा का प्रतीक मानकर आरती की। रानीगंज के बाराही धाम, बकुलाही नदी पर शनि धाम परिसर, सई के किनारे घुइसरनाथधाम व बेलखरनाथ धाम में व देवघाट मोहनगंज में सई किनारे भी आयोजन नहीं किए जा सके। गंगा घाट हौदेर्श्वरवर नाथ धाम कुंडा भी सूना रहा। पुलिस ने भीड़ को लौटाया
संसू, कुंडा : मानिकपुर प्रशासन ने गंगा दशहरा पर सोमवार को लोगों को गंगा में स्नान नहीं करने दिया। भोर से ही लोगों का घाटों पर आना शुरू हो गया था, पर पुलिस-प्रशासन की सख्ती के चलते किसी को भी गंगा घाटों पर नहीं जाने दिया गया। थाना प्रभारी डीएन यादव ने बताया कि मिरगढ़वा ग्राम के सील होने और वहीं से गंगा घाटों की ओर जाने का रास्ता होने के कारण लोगों को अनुमति नहीं दी गई। पुरोहित संघ के संरक्षक प्रेमनाथ दीक्षित व अध्यक्ष बीएल मिश्रा ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की।