सूची में बाहरी लोगों का नाम बढ़ाने पर हंगामा
मतदाता सूची में बाहरी लोगों का नाम देख ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस खेल में एक हिस्ट्रीशीटर का नाम सामने आया। उसके पकड़ने जाने के बाद पूरा राज खुल गया।
कुंडा : मतदाता सूची में बाहरी लोगों का नाम देख ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस खेल में एक हिस्ट्रीशीटर का नाम सामने आया। उसके पकड़ने जाने के बाद पूरा राज खुल गया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के बछरौली गांव निवासी अजीत मिश्रा वर्ष 2017 में मानिकपुर थाने पर हुए हमले का आरोपित है। उसे बीते माह पुलिस ने उसे एक लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसका मोबाइल चेक किया तो उसमें निवर्तमान ग्राम प्रधानपति संजय सिंह व उनके बड़े भाई जिला पंचायत सदस्य बब्लू सिंह के खिलाफ साजिश रचकर घटना कराने व मतदाता सूची में बाहरी लोगों का नाम शामिल करने का मामला प्रकाश में आया। शनिवार को बीडीओ कुंडा शरद सिंह, नायब तहसीलदार बृजमोहन शुक्ला, कानूनगो ओम प्रकाश श्रीवास्तव, लेखपाल सौरभ श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत जगदीश पांडेय समेत लोग गांव पहुंचे और मतदाता सूची ग्रामीणों के सामने पढ़कर सुनाया गया। कुछ बाहरी लोगों का नाम शामिल होने उपर ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। एसओ उदय त्रिपाठी भारी भरकम पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। बीडीओ कुंडा शरद सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में गड़बडी की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच करने मौके पर गया था। बीएलओ व सुपरवाइजर को मतदाता सूची के साथ बुलाया गया है। सूची में 14 लोगों को दिखा दिया मृतक
बाबागंज : मतदाता सूची में छेड़छाड़ कर 14 लोगों को मृत दिखा दिया गया। मामला बाबागंज ब्लाक के सराय खान देव का है। शनिवार को पुन: जब बीएलओ ब्लॉक आई तो उसकी सूची ब्लॉक में ही मिल गई। उसे चेक किया तो सूची में उसके द्वारा जमा किए गए सभी फार्म को हटाकर नए लोगों का फॉर्म जमा किया गया था। यही नहीं बीएलओ कृष्णा देवी का फर्जी हस्ताक्षर भी किया गया था। ग्रामसभा में 14 जिदा लोगों को मृतक दिखाते हुए विलोपन के सूची जमा की गई थी। कृष्णा देवी ने सूची से छेड़छाड़ की बात कही और उसकी शिकायत एडीओ पंचायत राजेश सिंह से की। एडीओ पंचायत राजेश सिंह ने बताया कि किसने छेड़छाड़ की, इसकी जांच कराई जा रही है। पनाह नगर गांव का नक्शा चोरी
कुंडा : सर्वे कर रहे लेखपाल का नक्शा गायब हो गया। लेखपाल ने तहसीलदार का आदेश करवाकर पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। महेशगंज थाना क्षेत्र के झींगुर ग्राम सभा में तैनात लेखपाल ओम प्रकाश श्रीवास्तव बीते 30 दिसम्बर को गंगा एक्सप्रेस वे को लेकर पनाह नगर गांव में सर्वे कर रहें थे। इस दौरान उनके साथ कई सारे ग्रामीण भी मौजूद थे। लेखपाल ने सर्वे करके नक्शे को अपने बैग में रखा और कहीं चले गए। इसी बीच किसी ने उनके बैग का चैन खोलकर नक्शा चुरा लिया। एसओ अमित सिंह का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ करने के बाद यदि नक्शा नहीं मिला तो मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।