कर्मियों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन, प्रशासन ने कब्जे में लीं एंबुलेंस
प्रतापगढ़ एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। शासन को जगाने के लिए उन्
प्रतापगढ़ : एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। शासन को जगाने के लिए उन्होंने अर्धनग्न होकर विरोध जताया। इधर, दोपहर बाद पहुंचे अफसरों ने सभी एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया। हड़ताल के चलते मरीजों को अस्पताल तक आने व फिर घर जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लोग मरीज को ई रिक्शा, टेंपो, बाइक से लेकर आने को विवश दिखे।
एनएचएम के अधीन किए जाने समेत मांगों को लेकर कर्मी आक्रोशित हैं। प्रदेश भर के 102, 108 व एएलएस श्रेणी की एंबुलेंस के कर्मियों द्वारा सात दिन से हड़ताल की जा रही है। इसमें प्रतापगढ़ के कर्मी बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं। जिले के डेढ़ सौ से अधिक कर्मी गाड़ियां खड़ी करके पिरथीगंज हवाई पट्टी पर गुरुवार को भी डटे रहे। उन्होंने आधे कपड़े उतारकर सरकार तक अपनी आवाज को पहुंचाने का प्रयास किया। वह नारेबाजी व धरना-प्रदर्शन करते रहे। दोपहर बाद एसडीएम सदर मोहन लाल गुप्ता, सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव व सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय भारी फोर्स लेकर हवाई पट्टी पहुंचे। कर्मियों को समझाने का प्रयास किया, ताकि हड़ताल खत्म हो जाए। बात नहीं बनी तो अफसरों ने पुलिस की मदद से सभी एंबुलेंस को अपने कब्जे में लेकर वहां से रवाना करवा दिया। गाड़ियों में कर्मी भी रहे। जो नहीं जा रहे थे उनको आंखें तरेरकर वहां से हटाया गया। इससे कर्मी प्रशासन की आलोचना कर रहे हैं कि उनके साथ जबर्दस्ती की जा रही है। वह पीछे नहीं हटेंगे। आवाज को बुलंद करते रहेंगे। जिलाध्यक्ष मधुकर सिंह ने बताया कि जबरन हड़ताल को तोड़ने का प्रयास हो रहा है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व का निर्देश मिले बिना आंदोलन को खत्म नहीं किया जाएगा। अब हम लोग लखनऊ जाकर वहां से आंदोलन को धार देंगे। इस बारे में एसडीएम का कहना है कि मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए एंबुलेंस कब्जे में ली गई हैं। इनका संचालन कराया जाएगा।