मौसम का उतार-चढ़ाव मासूमों पर पड़ रहा भारी
प्रतापगढ़ जिले में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में जहां धूप निकलने से गर्मी बढ़ जाती ह
प्रतापगढ़ : जिले में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में जहां धूप निकलने से गर्मी बढ़ जाती है, वहीं रात में अभी भी हल्की ठंडक रहती है। रविवार को सुबह ठंडी हवाएं चल रहीं थीं। इससे रात के तापमान में गिरावट आई। 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की जहां गिरावट आई। वहीं, अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री बढ़ गया। पछुआ हवाएं चल रही हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 14.5 व अधिकतम 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान के इस बदलाव से लोगों पर वायरल संक्रमण का शिकंजा कस रहा है। इसमें बच्चे अधिक बीमार हो रहे हैं। नवजातों के लिए मौसम की यह स्थिति बहुत खतरनाक है। जिला अस्पताल में 12 घंटे के भीतर छह बच्चे भर्ती हुए। इनको देखने के बाद चिकित्सक ने मौसम के कारण हुआ संक्रमण बताया। बच्चों को बुखार, उल्टी, दस्त, शरीर दर्द की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा दस बच्चे दो दिन पहले भी भर्ती हुए थे। रविवार को जागरण टीम ने वार्ड में जाकर देखा तो बच्चों की देखभाल में अभिभावक परेशान दिखे। बीमार बच्चों में मारिया, दिव्यांश, रेशमा, अरबिया, हिरिमशा, कासान, फैजान, रिकू,ऋषभ आदि शामिल रहे। जिला अस्पताल के बाल रोग चिकित्सक डा. अनिल गुप्ता अभिभावकों को बच्चों की देखभाल और बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक कर रहे थे।
ये बरतें सावधानियां
-रात में कूलर व पंखा न चलाएं।
-बच्चों को ठंडे पानी से न नहलाएं।
-खुले में बच्चों की मालिश न करें।
-गुनगुना दूध पिलाएं।
-एंटीसेप्टिक लोशन पानी में डालकर बदन पोछ दें।
-बुखार होने पर चिकित्सक को दिखाएं।
-उल्टी, दस्त होने पर ओआरएस का घोल पिलाएं।