पालिका प्रशासन को और गलन का इंजार, नहीं जला अलाव
संसू प्रतापगढ़ दो दिन से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। एक ओर जहां बरसात होने से ठंड
संसू, प्रतापगढ़ : दो दिन से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। एक ओर जहां बरसात होने से ठंड बढ़ गई हैं, वहीं दूसरी ओर गलन लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। हवाओं के चलने से ठंड में इजाफा हुआ है। ठंड का कहर दिन पर दिन बढ़ रहा है, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में अभी तक अलाव नहीं जलवाया गया। पालिका प्रशासन अभी गलन बढ़ने का इंतजार कर रहा है। नगर पालिका क्षेत्र में जिला अस्पताल पुरुष, जिला महिला अस्पताल, हादीहाल के सामने, भंगवा चुंगी, चौक, रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, मीराभवन, चिलबिला समेत दर्जन भर से अधिक स्थानों पर हर साल ठंड में अलाव की व्यवस्था कराई जाती है। इन स्थानों पर बाहर से लोग आते हैं। ऐसे में पालिका प्रशासन द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था इन स्थानों पर होनी चाहिए थी, मगर नहीं हो पायी। शुक्रवार से ही अचानक ठंड बढ़ गई है, लेकिन अभी तक पालिका प्रशासन ने अलाव जलवाना जरूरी नहीं समझा। शाम ढलते ही बेसहारा लोग अलाव की तलाश करने लगते हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुदित सिंह ने बताया कि जल्द ही नगर क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी।