मंडलीय सरस मेले में दिखेगा हुनर का जादू
प्रयागराज मंडल में होने वाले मंडलीय सरस मेले का आगाज केवल प्रतापगढ़ जिले में होगा।
संसू, प्रतापगढ़ : प्रयागराज मंडल में होने वाले मंडलीय सरस मेले का आगाज केवल प्रतापगढ़ जिले में होगा। प्रयागराज, कौशांबी जिले का चयन नहीं हो सका। ग्रामीण आजीविका मिशन के डायरेक्टर ने सीडीओ को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं अपने हुनर से तैयार कर रहे उत्पादों का भी स्टाल लगाकर लोगों को जागरूक करेंगी। यह कार्यक्रम जनवरी में होने का आसार है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी समूह की महिलाओं को नगर के जीआइसी में होने वाले मेले के आयोजन में जागरूक किया जाएगा। जिले के अलावा कौशांबी, फतेहपुर, प्रयागराज सहित पड़ोस के कुछ अन्य जिले के समूह से जड़ी महिलाओं को भी बुलाने की तैयारी चल रही है। वह सभी मेले में शामिल होंगे। उनके भी स्टाल लगेंगे। मेले में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को भी समूह से जुड़ने के बाद होने वाले बदलाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों से चल रही है। डीसी एनआरएलएम ओपी यादव ने बताया कि सरस मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। इसमें समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के स्टाल लगेंगे। योजना के बारे में लोगों को बताकर जागरूक किया जाएगा। अभी तिथि निर्धारित नहीं हुई है।