ग्रहण को लेकर बंद हुए मंदिरों के कपाट
सूर्य ग्रहण के पहले सूतक लगने से मंदिरों के कपाट बंद हो गए। लोगों ने भोजन आदि भी पहले कर लिया।
जासं, प्रतापगढ़ : सूर्य ग्रहण के पहले सूतक लगने से मंदिरों के कपाट बंद हो गए। लोगों ने भोजन आदि भी पहले कर लिया।
सूर्य ग्रहण गुरुवार को सुबह 08.21 बजे से प्रभावी होगा और 11.14 बजे तक रहेगा। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी दो-तीन दिन से सूचना वायरल हो चुकी है। सूतक और ग्रहण के दौरान पूजा पाठ नहीं होता। आचार्य आलोक मिश्र का कहना है कि इस ग्रहण का प्रभाव अलग-अलग राशियों पर अलग होगा। जिन राशियों के लिए ग्रहण मंगलकारी है उनमें तुला, कुंभ और मीन हैं। इसके अलावा अन्य राशियों के लिए कष्टकारी साबित हो सकता है। ग्रहण के दौरान भगवान का भजन करना चाहिए, मंत्रों का जाप करना चाहिए, दान भी करना लाभकारी होता है। बालक, वृद्ध और रोगी को छोड़कर अन्य किसी को भोजन नहीं करना चाहिए।
साई मंदिर में आज विशेष आरती
जासं, प्रतापगढ़ : शहर के बलीपुर स्थित साई दर्शन मंदिर में 26 दिसंबर को इस साल के आखिरी गुरुवार को विशेष आरती होगी। अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ ने बताया कि आरती और प्रार्थना के माध्यम से बीत रहे साल में सब सही रखने के लिए बाबा का आभार भक्तों द्वारा व्यक्त किया जाएगा। साथ ही आने वाले वर्ष 2020 के लिए मंगलकामना की जाएगी।