अष्टमी पर महागौरी का पूजन कर मांगा सुख-सौभाग्य
जासं प्रतापगढ़ आदि शक्ति के महागौरी स्वरूप का श्रद्धालुओं ने रविवार को दर्शन व पूजन किया।
जासं, प्रतापगढ़ : आदि शक्ति के महागौरी स्वरूप का श्रद्धालुओं ने रविवार को दर्शन व पूजन किया। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन मां के पूजन के लिए मंदिरों में भोर से ही भक्तों का तांता लगने लगा। नारियल-चुनरी व प्रसाद लेकर कतार में लगकर धैर्य के साथ मां का दर्शन-पूजन किया और उनसे सुख व सौभाग्य मांगा। इस दौरान मां के जयकारे लगते रहे। इसके साथ ही मंदिरों और घरों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य श्रृंगार भी किया गया।
नगर के मां बेल्हा देवी धाम में हजारों लोग मत्था टेकने पहुंचे। उधर पट्टी क्षेत्र में भी पंडालों में मां का स्वरूप दिव्य दिखाई पड़ा। पूरे दिन दुर्गा पंडालों पर भक्तों की भीड़ जुटी रही। इस अवसर पर नगर में सजे देवी पंडालों में पूजन-अर्चन के साथ देवी पाठ किया गया। नगर के मेला ग्राउंड में स्थित श्रीश्री नव दुर्गा पूजा समिति मेला गेट, श्री नव दुर्गा पूजा समिति सिविल लाइन, सिंह वाहिनी दुर्गा पूजा समिति ढकवा मोड़, जय मां अंबे दुर्गा पूजा समिति बाईपास, श्रीनव दुर्गा पूजा समिति मेन रोड, श्री मातेश्वरी दुर्गा पूजा समिति चौक, श्री आदि शक्ति दुर्गा पूजा समिति मेन रोड, श्रीनव दुर्गा पूजा समिति रायपुर रोड के उत्साही युवकों द्वारा पंडाल सजाया गया है। यहां सुबह शाम आरती होने के साथ पूरे दिन भक्तों के आने का क्रम चलता रहता है। रानीगंज के मां बाराही के दरबार में भी भक्तों की कतार देखी गई। वह मां का जयकारा लगाते हुए दर्शन में रमे रहे। पुजारी विनोद गिरि, विनय, राम अछैवर, जयश्री, गिरजा शंकर, मंतोष सहित गिरि परिवार पूजारियों ने श्रद्धालुओं को देवी के बारे में बताया।
--
जाम में फंसे श्रद्धालु, पुलिस बेपरवाह
जासं, प्रतापगढ़ : बेल्हा देवी धाम में नवरात्र में भक्तों का रेला है। अष्टमी पर तो भोर चार बजे से ही कतार लग गई। पुलिस व्यवस्था इस दौरान ध्वस्त नजर आई। दोपहिया वाहन सवार मंदिर के मुख्य गेट तक पहुंच जा रहे थे, जिससे जाम लगा रहा। बैरियर पर लगे पुलिस के जवान इधर-उधर दुकानों पर बैठे रहे। यही नहीं सड़क की दोनों पटरियों पर दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है, जिससे श्रद्धालु सही ढंग से चल तक नहीं पा रहे हैं। मंदिर के गेट पर ही सैकड़ों बाइक खड़ी हो जाने से महिलाएं उसमें फंसकर गिरती रहीं।