पारा लुढ़कने से गलन बढ़ी, तीन लोगों की गई जान
पिछले चौबीस घंटे में इससे दो किसान व एक किशोर की मौत हो गई।
जासं, प्रतापगढ़ : जिले में ठंड जानलेवा बनी हुई है। पारा लुढ़कने से गलन व शीतलहर के चलते लोग मुश्किल में हैं। पिछले चौबीस घंटे में इससे दो किसान व एक किशोर की मौत हो गई।
बेल्हा में शनिवार रात का तापमान 9.8 व रविवार दिन का 16.5 डिग्री रहा। जबकि 24 घंटे पहले यह क्रमश: 11 डिग्री सेल्सियस व 18 पर था। यानि न्यूनतम व अधिकतम दोनों तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आने से गलन जोरों पर है। लोग अलाव, अंगीठी, का सहारा ले रहे हैं। इसके बाद भी खासकर अंचल के लोग ठंड की चपेट में आकर जान गवां रहे हैं। मानाधाता के कैली गांव के किशोर दुर्गेश की ठंड लगने से रविवार भोर में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
संग्रामगढ़ प्रतिनिधि ने बताया है कि क्षेत्र के वासुदेव का पुरवा अर्जुन अतेरू गांव निवासी बृजलाल पटेल (55) सर्दी की चपेट में आ गया था। इलाज निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। शनिवार देर रात मौत हो गई। भतीजे राजाराम ने बताया कि उसके चाचा की मौत ठंड से हुई है। इसी प्रकार थाना क्षेत्र के रम्मन का पुरवा लालू पट्टी निवासी फुलवा देवी (57) पत्नी जवाहर लाल गौतम की भी ठंड से कंपकंपी के बाद मौत हो गई। ग्राम प्रधान छेदीलाल ने लेखपाल तथा एसडीएम कुंडा को सूचना दी। इसी तरह से मानधाता के कैला गांव के एक किशोर दुर्गेश यादव की भी मौत हो गई।