आपरेशन कर निकाली गई गोली, हमलावरों का सुराग नहीं
महेशगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज बाजार में युवक को मंगलवार देर शाम शिव कुमार गुप्ता को गोली मारकर घायल करने के मामले में जांच चल रही है। आपरेशन करके गोली निकाली गई है जिससे जान का खतरा अब टल गया है। हमलावरों का सुराग नहीं लगा है।
संसू, कुंडा : महेशगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज बाजार में युवक को मंगलवार देर शाम शिव कुमार गुप्ता को गोली मारकर घायल करने के मामले में जांच चल रही है। आपरेशन करके गोली निकाली गई है, जिससे जान का खतरा अब टल गया है। हमलावरों का सुराग नहीं लगा है।
गोली मारे जाने की सूचना पर देर रात अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी, सीओ सदर ने मौके पर पहुंचकर घटना की बाबत स्वजनों व आसपास के लोगों से बात की। महेशगंज थानाध्यक्ष को गोली मारने वाले बाइक सवार बदमाशों की धरपकड़ के लिए तेजी से काम करने को कहा। उधर बुधवार को एसआरएन में महेशगंज पुलिस की मौजूदगी में शिव कुमार का आपरेशन किया गया था। उसे12 बोर के तमंचे से मारा गया था। शरीर से दो दर्जन से अधिक छर्रे निकले। घटना के चौबीस घंटे बाद भी स्वजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी। एसओ अमर नाथ राय का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
--
दोस्त था निशाने पर, दो भाई हिरासत में
गोली से घायल शिव कुमार के साथ खड़े उसके दोस्त पर शायद बदमाशों ने निशाना लगाया था। ऐसी आशंका खुद मनोज ने जताई तो मामले में नया मोड़ आ गया। मनोज की आशंका पर उसके दो भाइयों को हिरासत में ले लिया गया। मनोज केशरवानी ने पुलिस को बताया कि वह तीन भाई है। आपस में इन दिनों संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में जब शिव कुमार को गोली मारी गई तो मैं भी वहीं खड़ा था। शक है कि बदमाश शिव को नहीं मुझे ही गोली मारने आए रहे होंगे, संयोग से मैं बच गया। गोली शिव कुमार को लग गई। इस पर पुलिस ने उसके भाई प्रमोद कुमार व विनोद कुमार को हिरासत में लेकर थाने चली गई। इधर घायल शिव कुमार के स्वजनों का कहना है कि उनका किसी से किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। ऐसे में उसे कोई गोली भला क्यों मारेगा।