गंगा और सई किनारे शिव के जयकारे
पुरुषोत्तम मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज रही। गंगा किनारे हौदेश्वर नाथ धाम में भोर चार बजे से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह मौसम साफ होने से श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। उन्होंने भगवान भोले नाथ के दर्शन कर दूध दही शहद एवं घी से अभिषेक पूजन किया।
संसू, गोतनी : पुरुषोत्तम मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज रही। गंगा किनारे हौदेश्वर नाथ धाम में भोर चार बजे से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह मौसम साफ होने से श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। उन्होंने भगवान भोले नाथ के दर्शन कर दूध, दही, शहद एवं घी से अभिषेक पूजन किया। दीवानगंज प्रतिनिधि ने बताया कि बाबा बेलखरनाथ धाम पर श्रद्धालुओं ने भोर में कपाट खुलते ही भगवान शिव का दर्शन किया। पूरे दिन यह क्रम चला। हर-हर महादेव से क्षेत्र गुंजायमान रहा।एसओ कंधई तुषार दत्त त्यागी के साथ ही दीवानगंज चौकी इंचार्ज अभय सिंह, सेवा समिति के नारेंद्र प्रसाद ओझा, मदन सिंह, अजीत ओझा, रमा नाथ सिंह, विश्वनाथ गिरी भी व्यवस्था के संयोजन में तत्पर रहे। सदहा प्रतिनिधि के अनुसार बाबा विश्वंभर नाथ धाम सदहा में भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पुजारी महेंद्र गिरि व दुर्वाश गिरि आरती के बाद प्रसाद एवं चरणामृत भी भक्तों में बांटा। घुइसरनाथ प्रतिनिधि ने बताया कि धाम में भोर से ही जलाभिषेक शुरू हुआ। इसके साथ लोगों ने रोट भी चढ़ाए। वज्र अकादमी के आशुतोष, मोहित, सूरज, राम सरन, रोहित, अमन आदि युवाओं का सहयोग सराहनीय दिखा। महंत मयंक भाल गिरि लोगों को कोरोना से जागरूक भी करते दिखे।