छात्राओं को आत्मरक्षार्थ दिया जा रहा प्रशिक्षण
मिशन शक्ति के अंतर्गत स्कूलों की छात्राओं को आत्मरक्षार्थ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही वाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से इन्हें दीपावली पर पटाखों से होने वाले ध्वनि व वायु प्रदूषण के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। मिशन शक्ति के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं।
प्रतापगढ़ : मिशन शक्ति के अंतर्गत स्कूलों की छात्राओं को आत्मरक्षार्थ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही वाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से इन्हें दीपावली पर पटाखों से होने वाले ध्वनि व वायु प्रदूषण के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। मिशन शक्ति के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। वाट्सएप ग्रुपों के साथ ही दूरदर्शन के कार्यक्रम के जरिए उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंधई मधुपुर में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मंगलवार को बालिकाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिग दी गई। जीजीआइसी बरहदा में प्रधानाचार्य डॉ. विध्याचल सिंह के निर्देशन में बालिकाओं को जागरूक किया गया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सराय आनादेव में शिक्षक अनिल कुमार निलय के निर्देशन में बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके बताए गए। इसी प्रकार जीजीआइसी पट्टी, जीजीआइसी आसपुर देवसरा, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेधन गोपालपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी हर्दोपट्टी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकुआर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापुर सांगीपुर में में बालिकाओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाए गए। डीआइओएस सर्वदा नंद ने बताया कि आठ नवंबर से शुरू यह प्रशिक्षण सत्र 15 नवंबर तक जारी रहेगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक राजकीय विद्यालयों में चलेगा।
रोडवेज की 78 बसों में लगेगी आल वेदर लाइट
प्रतापगढ़ : जिले से संचालित होने वाली रोडवेज बसों को कोहरे में फर्राटा भरने के लिए तैयार किया जाएगा। उसमें एंटी फाग आल वेदर लाइट लगाई जाएगी।
विशेष प्रकार की यह लाइट धूप में सामान्य रहेगी और कोहरा पड़ने पर पीले रंग का प्रकाश देकर चालक को राह दिखाएगी। इससे सफर सुरक्षित होगा। प्रतापगढ़ डिपो से 65 बसें परिवहन निगम की और 13 बसें अनुबंधित चलती हैं, सबमें यह व्यवस्था की जाएगी। इसे एक सप्ताह में लगाया जाना है। यह लाइट एक बल्ब के रूप में होगी, जो हेडलाइट खोलकर सेट कर दी जाएगी। इसके लिए एक महीने पहले डिमांड भेजी गई थी, जिसे मंजूरी मिल गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पीके कटियार ने बताया कि मौसम के अनुसार बसों को तैयार किया जा रहा है। आल वेदर लाइट जल्दी ही लगाई जाएगी, ताकि कोहरे में भी बसें यात्रियों को सफर करवा सकें।