बस एक क्लिक में दिखेगा माध्यमिक स्कूलों का ब्यौरा
अब जिले के किसी माध्यमिक विद्यालय के विषय में जानकारी लेने के लिए डीआइओएस दफ्तर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे ही आपको सारी जानकारी मिल जाएगी।
अब जिले के किसी माध्यमिक विद्यालय के विषय में जानकारी लेने के लिए डीआइओएस दफ्तर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे ही आपको सारी जानकारी मिल जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा बनाई गई वेबसाइट पर क्लिक करने से पूरे जिले के स्कूलों का ब्यौरा दिखेगा। इसमें जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालय, एडेड स्कूल तथा वित्तविहीन माध्यमिक स्कूलों व शिक्षकों के बारे में सारी जानकारी अपलोड की जा रही है।
डीआइओएस प्रतापगढ़ के नाम से बनाई गई वेबसाइट में स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के बारे में सारी जानकारी होने के साथ ही स्कूल में कितने बच्चे किस कक्षा में है। इसकी भी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जिले में कितने राजकीय माध्यमिक विद्यालय हैं, कितने सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं और कौन-कौन से वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। उन्हें मान्यता कब मिली। किस विद्यालय में कौन प्रधानाचार्य है, कौन प्रबंधक है, उनका संपर्क नंबर क्या है। इन सबका विवरण लोगों को घर बैठक गूगल के माध्यम से डीआइओएस प्रतापगढ़ की वेबसाइट से मिल सकेगा। इस वेबसाइट को खुद डीआइओएस सर्वदा नंद ने बनाया है। जागरण से बातचीत में उन्होंने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार से इसका उद्घाटन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट में जिले के माध्यमिक विद्यालयों के बारे सारी जानकारी मिल सकेगी। इसमें सभी विद्यालयों के बारे में सारी जानकारी अपलोड करा दी गई है।