बर्खास्त सैनिक का शव गंगा नदी में मिला, जानिए क्या था मामला
अपने घर से गायब बर्खास्त सैनिक का शव गंगा नदी में मिला। शव देख स्वजन स्तब्ध रह गए। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला।
परियांवा : अपने घर से गायब बर्खास्त सैनिक का शव गंगा नदी में मिला। शव देख स्वजन स्तब्ध रह गए। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला।
पड़ोसी जनपद रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के खोजनपुर (महेशगंज) निवासी 30 साल का त्रिवेणी लाल अग्रहरि सेना में ट्रेडमैन के पद पर तैनात था। वह 2012 में फैजाबाद में खुली भर्ती के दौरान सेना में भर्ती हुआ था। चार महीने ट्रेनिग के बाद अधिकारियों से विवाद होने पर वह भागकर घर चला आया था। दो महीने बाद जब लौटकर ट्रेनिग सेंटर जबलपुर गया तो अधिकारियों ने लेने से इन्कार कर सेवा से हटाने की जानकारी दी। इसके बाद वह घर पर ही अपने स्वजनों के साथ रहने लगा। स्वजनों ने यह भी बताया कि वह कुछ विक्षिप्त था। एक सप्ताह पूर्व यह घर से बगैर स्वजनों को बताए हुए साइकिल से निकल गिया। स्वजनों ने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रविवार दोपहर करीब मीन बजे नवाबगंज थाना क्षेत्र के कालाकांकर गंगा घाट पर एक युवक का शव देखा गया। तलाशी के दौरान मिले परिचय पत्र के आधार पर सूचना ऊंचाहार पुलिस को दी। इसके बाद ऊंचाहार पुलिस ने घटना की सूचना त्रिवेणी लाल के स्वजनों को दी तो वह आए। उसकी पहचान की। भाई गंगाराम ने छोटे भाई की हत्या की आशंका जताते हुए नवाबगंज पुलिस को तहरीर दी है। एसओ अखिलेश प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा भाई भी है लापता
इसके पहले भी इसका एक बड़ा भाई 2016 में किसान यूनियन की टीम के साथ वैष्णो देवी गया था। वहां से आज तक वापस नहीं आया। युवक पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। दो बहन हैं, एक की शादी हो चुकी है। दूसरी बहन की शादी अगले महीने में तय है