मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने पर सपाईयों और पुलिस में झड़प, प्रतापगढ़ में 205 पर केस दर्ज
प्रतापगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई, ...और पढ़ें

सपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूंके गए पुतले को बुझाती पुलिस: जागरण
HighLights
मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने पर सपा-पुलिस में झड़प हुई।
पूर्व विधायक, जिला महासचिव समेत दर्जन भर कार्यकर्ता घायल हुए।
पांच नामजद और 200 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने पर सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। धक्कामुक्की के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। आंबेडकर चौराहे पर हुए हंगामे के बीच बुधवार को पूर्व विधायक, जिला महासचिव समेत दर्जन भर कार्यकर्ता मामूली रूप से घायल हो गए।
तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लिया गया तो साथी आक्रोशित हो उठे और सपा सांसद सहित जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में वह धरने पर बैठ गए। देर रात नगर कोतवाली पुलिस ने मामले में पांच नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया।
पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कई मामलों में एकतरफा फैसला लेने आरोप लगाकर सपा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। इसे लेकर दोपहर एक बजे सपा कार्यकर्ता आंबेडकर चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। ज्ञानेश का पुतला फूंकने लगे तो पुलिस उसे छीनने लगी। इस दौरान पुलिस से झड़प हुई। इस दौरान पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। इसमें पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, साजिद अली समेत दर्जन भर कार्यकर्ता घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष विश्वनाथगंज राम खेलावन यादव, राजगढ़ बूथ अध्यक्ष चंद्रशेखर पाल व वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद यादव को हिरासत में ले लिया। इस पर सांसद डाॅ. एसपी सिंह पटेल, रानीगंज विधायक डाॅ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना, राजकुमार पाल आदि धरने पर बैठ गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बवाल की आशंका पर भारी पुलिस बल तैनात रही। पुलिस ने वीडियोग्राफी भी की।
पांच घंटे बाद तीनों कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया, तब जाकर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसे लेकर अंतू, नगर कोतवाली सहित अन्य कई थानों की पुलिस सतर्क रही। इस दौरान सांसद पीआरओ जितेंद्र सिंह, अधिवक्ता विनोद पांडेय, आशुतोष पांडेय, मनीष पाल, वकार अहमद, वासिक खान आदि मौजूद रहे।
देर रात सिविल लाइंस चौकी प्रभारी अंकित तिवारी की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने सपा कार्यकर्ता राम खेलावन यादव, चंद्रशेखर पाल, जावेद अख्तर, चंद्रशेखर, संदीप यादव और 150-200 अज्ञात के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने और बलवा करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले में सीओ सिटी आशुतोष मिश्र का कहना है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। वीडियो से आरोपितों की पहचान कर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
महिला सभा ने भी पुतला फूंककर की नारेबाजी
आंबेडकर चौराहे पर सपा महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष शांति सिंह और ज्योत्सना सिंह की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुलिस बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने दौड़ी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। यह उचित नहीं है। सरकार चाहे जितनी बर्बरता कर ले, ज्ञानेश को हम लोग हटवाकर ही रहेंगे।
-अब्दुल कादिर जिलानी, जिला महासचिव (सपा)।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। एसआइआर में तमाम मतदाताओं के नाम काट दिए गए। भाजपा इनको बचा रही है। जब तक इनको पद से नहीं हटा दिया जाता, आगामी चुनाव निष्पक्ष नहीं हो पाएगा।
-डाॅ. एसपी सिंह पटेल, सपा सांसद।
यह भी पढ़ें- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक टला, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच लिया फैसला
यह भी पढ़ें- सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन: आज जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग पर सुरक्षा कड़ी, ड्रोन से रखी जा रही नजर
