विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौकी प्रभारी रहते एसआई ने कराई खाकी की किरकरी, मंदिर में कसम खिलवाने पर एसपी ने छीनी कुर्सी

Published: Wed, 16 Sep 2026 09:54 PM (IST)

उपनिरीक्षक इंद्रेश प्रजापति को पीड़ितों के प्रति संवेदनहीनता और पद के दुरुपयोग के आरोप में एसपी दीपक भूकर ने लाइन हाजिर कर दिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. उपनिरीक्षक इंद्रेश प्रजापति को एसपी ने लाइन हाजिर किया।

  2. पीड़ितों के प्रति संवेदनहीनता और पद के दुरुपयोग के आरोप।

  3. जांच के बजाय मंदिर में कसम खिलवाने पर हुई कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। पुलिस को अनुशासित होना चाहिए। पीड़ितों की व्यथा को सुनना व दूर करना उसकी जिम्मेदारी होती है। इस तरह की बातें उपनिरीक्षक इंद्रेश प्रजापति के लिए बहुत मायने नहीं रखतीं। वह जहां भी रहा, अपनी करतूतों से खाकी को असहज करता रहा।

अब मनमाने ढंग से कार्य करने व पद का दुरुपयोग करने के आरोप में एसपी दीपक भूकर ने लाइन हाजिर किया है। एसपी द्वारा देहात कोतवाली के सिटी चौकी इंचार्ज रहे इंद्रेश प्रजापति को लाइन हाजिर यूं ही नहीं किया गया।

कार्रवाई करने की जगह मंदिर में कसम दिलवाई

हाल में सिटी कस्बे के एक दंपती के विवाद के मामले में चौकी इंचार्ज की कार्यशैली संवेदनहीन रही। उसने चौकी से डांटकर दंपती को भगा दिया था। इसके बाद दूसरा मामला आया। उसमें वह जांच व कार्रवाई करने की जगह मंदिर में कसम दिलवाने लगा था।

इंटरनेट मीडिया पर मामला चलने से खाकी की किरकरी हुई। यही नहीं कुछ माह पहले वह घुइसरनाथ धाम चौकी प्रभारी था तो भी करतूत की थी। एक गरीब व्यक्ति का बच्चा सोते समय गायब हो गया था। वह पीड़ित पर ही बच्चे को गायब करने का आरोप लगाकर उसे चौकी में पीटने लगा था।

नई तैनाती पर भी मनमानी

बच्चे को तलाशने में कम ताकत लगाया, केस को गलत बताने में पूरा जोर लगा दिया था। पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया था। इसके बाद उसको चौकी से हटाया गया था। नई तैनाती पर भी मनमानी की आदत नहीं बदली।

सिटी चौकी में उसी तरह काम करने लगा तो मामला एसपी तक पहुंचा। चौकी में सुनवाई न होने की बार-बार आ रही शिकायतों पर एसपी ने इंद्रेश को लाइन हाजिर कर दिया। उसकी गतिविधियों की जांच भी होगी।

एसपी दीपक भूकर का कहना है कि ठीक से पुलिसिंग न करने, अमर्यादित आचरण करने व पीड़ितों के प्रति संवेदनहीन व्यवहार रखने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जा रही है। सभी अपनी कार्यशैली बेहतर रखें। फरियादियों को दौड़ाएं नहीं। उनकी समस्या सुनें व कानूनी ढंग से निदान करें।

वांटेड है पूर्व एसओ व दारोगा

फतनपुर के पूर्व एसओ मनीष तिवारी व दारोगा संतोष कुमार अपने ही महकमे में एक महीने से वोंटेड हैं। फतनपुर थाने में दर्ज हुए भ्रष्टाचार के केस में प्रतापगढ़ व प्रयागराज दो जिलों की पुलिस उनकी तलाश में है। खाकी का दुरुपयोग करके ऐसे लोग उच्च अधिकारियों को भी असहज करते हैं।