विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ मनगढ़ जन्माष्टमी: श्रद्धालुओं के लिए यातायात का मेगा प्लान, नो-व्हीकल जोन घोषित

Published: Sun, 30 Aug 2026 11:47 AM (IST)

जन्माष्टमी पर प्रतापगढ़ के भक्तिधाम मनगढ़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर विदासिन से मनगढ़ तक 2 किमी का मार्ग 'नो-व्हीकल जोन' रहेगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विदासिन से मनगढ़ तक 2 किमी मार्ग नो-व्हीकल जोन।

  2. जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए व्यवस्था।

  3. सुरक्षा हेतु 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर भक्तिधाम मनगढ़ में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। चार सितंबर को विदासिन चौराहे से मनगढ़ चौराहे तक का दो किमी का मार्ग नो-व्हीकल जोन रहेगा।

इस दौरान निर्धारित मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालुओं को पैदल आने-जाने की व्यवस्था रहेगी। आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। मनगढ़ धाम पर जन्माष्टमी पर भव्य कार्यक्रम होता है।

यहां भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने को दूर-दराज से लोग आते हैं। भीड़ होना स्वाभाविक है। पर्व को लेकर मेगा प्लान दिया गया है। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहनों को जरूरत के अनुसार आवागमन की अनुमति रहेगी।

कुंडा की ओर से आने वाले वाहनों को विदासिन चौराहे पर रोकने की व्यवस्था की गई है, जबकि खनवारी की ओर से आने वाले वाहनों को मीरापुर चौराहे पर रोका जाएगा। इससे मनगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रखने का प्रयास किया जाएगा।

जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की विभिन्न स्थानों पर तैनाती की जाएगी। पुलिस की टीमें भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, मंदिर परिसर की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालेंगी।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। व्यवस्थाओं को परखने के लिए थाना प्रभारी कुंडा अरविंद सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम संजय सिंह और थाना प्रभारी संग्रामगढ़ अवन कुमार दीक्षित ने पुलिस टीम के साथ माक ड्रिल की।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संभावित भीड़ और यातायात दबाव की स्थिति में किए जाने वाले इंतजामों का अभ्यास किया। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

थाना प्रभारी कुंडा ने कहा कि पर्व के दौरान अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन का प्रयास है कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।