प्रतापगढ़ जंक्शन पर भी होगा जनसाधारण एक्सप्रेस का ठहराव, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
दानापुर से आनंद विहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस का ठहराव अब मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर होगा, जिससे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जनसाधारण एक्सप्रेस का प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव मंजूर।
यात्रियों को दिल्ली यात्रा के लिए नया विकल्प मिलेगा।
सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के प्रयासों से मिली सुविधा।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। दानापुर से आनंद विहार को जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस का ठहराव अब मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर होगा। यह ट्रेन प्रतिदिन प्रतापगढ़ जंक्शन से होकर गुजरती है, लेकिन अभी तक इसका ठहराव यहां पर नहीं था।
सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा को पत्र लिखा था। साथ ही उन्होंने इसके अलावा राजधानी एक्सप्रेस समेत अन्य कुछ ट्रेनों के ठहराव और नियमित किए जाने को भी लेकर सदन में मुद्दा उठाया था।
इसके साथ ही ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार द्विवेदी भी कर रहे थे। प्रतापगढ़ से तेजी से गुजरती इस गाड़ी के कई वीडियो बनाकर उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करके रेल मंत्रालय को आईना दिखाया था।
फिलहाल अब ट्रेन के ठहराव की मंजूरी मिलने से जिले के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक और ट्रेन का लाभ मिलेगा। यह ट्रेन रात 09:30 बजे दिल्ली के लिए गुजरती है। वापसी रात करीब 12:45 बजे की है। अभी तक जंक्शन से पद्मावत एक्सप्रेस के साथ ही वाराणसी से नई दिल्ली को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के माध्यम से यात्री दिल्ली का सफर तय करते थे।
इन ट्रेनों में सीट न मिलने से यात्रियों को काफी दिक्कतें भी होती हैं। सांसद के पीआरओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि जनसाधारण एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर संसद ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखा था। इस ट्रेन के प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव होने की जानकारी मंडल रेल प्रबंधक से मिली है। वहीं सीएमआई नीरज सोमवंशी ने भी ट्रेन के ठहराव की पुष्टि की है।
