विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब अनिवार्य होगी डिजिटल फार्मर आईडी, किसानों के लिए चलेगा विशेष अभियान

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:40 PM (IST)

सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब किसानों को फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य होगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सरकारी कृषि योजनाओं हेतु फार्मर आईडी अनिवार्य होगी।

  2. 25 सितंबर से 31 दिसंबर तक चलेगा महाअभियान।

  3. भूस्वामी, बटाईदार, किरायेदार किसानों की बनेगी आईडी।


जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी जरूरी होगी। एग्रीस्टैक के तहत प्रदेश के शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए 25 सितंबर से 31 दिसंबर तक विशेष महाअभियान चलेगा। इसमें भूस्वामी के साथ बटाई और किराये पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसानों की भी फार्मर आईडी बनाई जाएगी। हालांकि, जिले में अभी तक इसका आदेश नहीं पहुंच सका है।

अभियान में सबसे पहले उन गांवों को चिन्हित कर कैंप लगाए जाएंगे, जहां फार्मर रजिस्ट्री कम हुई है। कैंप में खतौनी दुरुस्ती, नेम मैच स्कोर और अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ग्राम सचिवालयों को कैंप के लिए प्राथमिकता दी जाएगी, जहां बिजली, इंटरनेट, कुर्सी और मेज की सुविधा उपलब्ध हो।

राजस्व लेखपालों को अभियान में अहम जिम्मेदारी दी गई है। वे जरूरत के अनुसार गांवों में रात्रि प्रवास कर खतौनी संबंधी विवादों का मौके पर निस्तारण कराएंगे। राजस्व लेखपाल, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक और सहायक तकनीकी प्रबंधक आपरेटर के रूप में काम करेंगे। पंचायती राज, ग्राम्य विकास और उद्यान विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों के साथ बीसी-सखी व कृषि-सखी को भी प्रशिक्षण देकर फार्मर रजिस्ट्री में लगाया जाएगा।

उपकृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी जरूरी होगी। हलांकि अभी तक शासन से अभियान चलाने का आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने के बाद इसका क्रियान्वयन कराया जाएगा।