शुगर लेवल कंट्रोल करने के साथ बढ़ाए इम्युनिटी, डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए अमृतफल है प्रतापगढ़ का आंवला
आंवला, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और मधुमेह रोगियों के लिए अमृत समान है, अब प्रतापगढ़ से वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाएगा।

कमईपुर में आंवले के पेड़ में लगा फल: जागरण
HighLights
आंवला मधुमेह नियंत्रण और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है।
प्रतापगढ़ का आंवला इंटरनेशनल ट्रेड शो में वैश्विक पहचान बनाएगा।
उद्यमियों को आंवला उत्पादों के निर्यात से आय का अवसर मिलेगा।
प्रवीन कुमार यादव, प्रतापगढ़। आंवला में मौजूद गुण शरीर की इम्युनिटी बढ़ाने के साथ कई बीमारियों को जड़ से खत्म करते हैं। आंवला डायबिटीज से परेशान लोगों के लिए किसी अमृत से कम नहीं है।
दरअसल, आंवला में क्रोमियम तत्व पाए जाते हैं, जो इंसुलिन हारमोन को मजबूत कर खून में शुगर लेवल को कंट्रोल करते हैं। अब बेल्हा का अमृत फल जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खुशबू और स्वाद बिखेरेगा। विदेशी मेहमान भी इस पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
जनपद की पहचान आंवला से है। यहां पर 7083 हेक्टेयर में आंवला की बाग है। हर साल 74 हजार 86 मीट्रिक टन से अधिक आंवला का उत्पादन होता है। आंवला से कैंडी, मुरब्बा, अचार, चटनी, टाफी, चूरन, लड्डू, आदि उत्पाद तैयार किया जाता है।
मुख्य तथ्य
- 3321 मालिकों के पास आंवला की बाग
- 204 आंवला के उत्पाद की है फैक्ट्री
- 13 करोड़ सालाना है टर्न ओवर
- 900 से 1000 श्रमिक तोड़ते हैं आंवला
- 1700 से 1900 कामगरों को मिला रोजगार
पांच लोगों का चयन
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में बेल्हा की पहचान बने आंवला के उत्पाद का स्टाल लगेगा। इसमें आंवला उद्यमी अनुराग खंडेलवाल, दिलीप मिश्रा, अभिषेक सिंह, ओम प्रकाश मंछानी समेत पांच लोगों को चयनित किया जा रहा है।
उत्पाद के माल भाड़े का 75 प्रतिशत किराया विभाग वहन करेगा। साथ ही उद्यमियों को रेल किराया भी मिलेगा। 23 सितंबर को उद्यमी उत्पाद के साथ यहां से जाएंगे। ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले मेहमान प्रतापगढ़ के इस पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
खास बात यह है कि डिमांड पर उसे विदेशों में भी भेजा जाएगा। इससे आंवला के उत्पाद को मुकाम भी मिलेगा। साथ ही उद्यमियों की आय भी होगी। उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त साहब शरण ने बताया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में उद्यमियों को भेजा जाएगा। चयन हो चुका है। माल भाड़ा और आने जाने का किराया भी मिलेगा।
ट्रेड शो में छाएगा शहद में डूबे आंवला का मुरब्बा
ग्रेटर नोएडा में लगने वाले ट्रेड शो में शहद में डूबे मुरब्बे की धूम रहेगी। इस पर भी विदेशियाें की भी नजर रहेगी। सामान्य मुरब्बे की तुलना में इसकी डिमांड अधिक रहती है। खासकर दक्षिण भारत में सबसे अधिक खपत है।
जिले में चकला, फ्रांसी, नरेंद्र-7, चकैया, कृष्णा, बनारसी और कंचन जैसे किस्म के आंवले का उत्पादन होता है। एक जनपद-एक उत्पाद योजना में जिले से आंवले का चयन हुआ है। आंवले से तैयार उत्पाद देश-विदेश तक जाता है।
यह भी पढ़ें- महंगे हेयर प्रोडक्ट्स छोड़ें और रोज सुबह पिएं आंवला जूस, बाल होंगे जड़ से घने और मजबूत
यह भी पढ़ें- भुई आंवला के पौधे के अंदर छिपा कैंसर से लड़ने का राज, PU के शोध से चिकित्सीय सेवा को नई उम्मीद
