प्रतापगढ़ में मतांतरण के आरोप में सगे भाई गिरफ्तार, गरीबों को आर्थिक मदद व बीमारी से छुटकारे का देते थे प्रलोभन
प्रतापगढ़ के पट्टी क्षेत्र में दो सगे भाइयों को मतांतरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वे गरीबों को ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में मतांतरण के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
पट्टी कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
रविवार को प्रार्थना सभा में लोगों के ब्रेनवाश कर मतांतरण करने का आरोप
संसू, जागरण, पट्टी (प्रतापगढ़)। मतांतरण की शिकायत पर पुलिस ने जनपद के दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों भाइयों पर गरीबों को आर्थिक मदद व बीमारी से छुटकारा दिलाने का प्रलोभन देकर मतांतरण करने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना सभा में मतांतरण का आरोप
पट्टी क्षेत्र के बरहूपुर गांव के सगे भाई संजय व मनोज पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाया है। दोनों पर आरोप है कि उनके द्वारा पिछले काफी दिनों से गरीब लोगों को आर्थिक मदद का लालच दिया जा रहा है। बीमारी से छुटकारे का प्रलोभन देकर मतांतरण कराया जा रहा है। इसके लिए सप्ताह में एक दिन रविवार उनके घर पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा में लोगों का ब्रेनवाश कर उनका मतांतरण कराया जाता है।
प्रलोभन का मामला साबित होने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में पट्टी कोतवाल आनंदपाल भदोरिया ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3, 5 (1) के तहत दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। प्रलोभन य जबरदस्ती का मामला साबित होने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
