बकरीद को लेकर पुलिस ने शहर में निकाला रूट मार्च
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी तादाद में फोर्स ने शुक्रवार को शहर में रूट मार्च किया। यही नहीं आखिरी जुमे की नमाज को लेकर शहर से लेकर कस्बों तक पुलिस अलर्ट रही।
प्रतापगढ़ : बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी तादाद में फोर्स ने शुक्रवार को शहर में रूट मार्च किया। यही नहीं, आखिरी जुमे की नमाज को लेकर शहर से लेकर कस्बों तक पुलिस अलर्ट रही।
कोरोना वायरस के संक्रमण ने मार्च से हर त्योहार की रंगत छीन ली है। नवरात्र के बाद कांवरियों पर लगी रोक से सावन मास भी फीका चल रहा है। अब शनिवार को बकरीद का त्योहार है। कुर्बानी के इस त्योहार को लेकर मुसलमानों में खासा उत्साह रहता है, लेकिन यह त्योहार भी फीका पड़ गया है। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए शासन ने सामूहिक नमाज और सामूहिक कुर्बानी पर रोक लगा रखी है। शासन के इस फैसले को पुलिस अफसरों ने बैठक करके मुस्लिम धर्मगुरुओं को अवगत करा दिया है। साथ ही नमाज व कुर्बानी घरों पर करने की अपील भी की है।
इसके बाद भी पुलिस सतर्कता बरत रही है। शुक्रवार को आखिरी जुमा था। इसे लेकर पुलिस सुबह से ही अलर्ट थी। शहर से लेकर अंचल तक प्रमुख चौराहों व मस्जिदों के पास पुलिस मुस्तैद थी। हालांकि मस्जिदों में पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी। बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एएसपी पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी व सीओ सिटी अभय पांडेय की अगुवाई में शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे फोर्स ने शहर में रूट मार्च किया। राजापाल टंकी चौराहा से चौक, जामा मस्जिद, सिप्टैनरोड, कपूर चौराहा, विक्रम चौराहा से होकर श्रीराम तिराहे से पंजाबी मार्केट तक रूट मार्च किया। इसके बाद फोर्स ने कटरा मेदनीगंज में रूट मार्च किया।