प्रेमी-प्रेमिका की थाने में हुई पंचायत
घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका थाने पहुंच गए। घंटों पंचायत के बाद शादी की सहमति बनने से मामला शांत हो गया। लालगंज क्षेत्र की एक किशोरी महेशगंज के एक युवक से प्यार करती है। लड़की द्वारा शादी की इच्छा जताने पर स्वजन प्रेमी के घर पहुंचे और बातचीत करने लगे। बात न बनने पर विवाद हो गया।
संसू, कुंडा : घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका थाने पहुंच गए। घंटों पंचायत के बाद शादी की सहमति बनने से मामला शांत हो गया। लालगंज क्षेत्र की एक किशोरी महेशगंज के एक युवक से प्यार करती है। लड़की द्वारा शादी की इच्छा जताने पर स्वजन प्रेमी के घर पहुंचे और बातचीत करने लगे। बात न बनने पर विवाद हो गया। इस पर मामला थाने पहुंच गया। इस बीच रविवार की शाम प्रेमी युगल खुद थाने पहुंच गए और बताया कि वह भागे नहीं थे वह सूरत गए थे। घंटों पंचायत के बाद प्रेमी के घर वाले शादी के लिए तैयार होने को विवश हुए। लिखा-पढ़ी में समझौता होने के बाद दोनों घर चले गए।
आग से पशुशाला जली
संसू, रानीगंज कैथोला : क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी चौकीदार अमृतलाल सरोज की पशुशाला में अलाव से आग लग गई। घटना रविवार देर शाम की है। इससे भैंस भी झुलस गई। गांव वाले आग बुझा रहे थे, लेकिन दमकल आने के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका।
सरकार कर रही विकास : मोती सिंह
संसू, राजगढ़ : क्षेत्र के श्रीनाथपुर गांव में रविवार को एक धार्मिक कार्यक्रम में ग्राम्य विकास मंत्री मोती सिंह पहुंचे। उन्होंने चौपाल भी लगाई। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के विकास का लाभ सभी वर्ग को मिल रहा है। किसानों को खाद, पानी और बिजली मिल रही है। अपराध काबू में है। केंद्र सरकार बहादुरी से पाकिस्तान को सबक सिखा रही है। इस मौके पर सुनील कुमार सिंह, भाजपा नेता विक्रांत सिंह नवीन और ग्राम प्रधान भुपियामऊ आलोक सिंह आदि मौजूद रहे। मंत्री ने गांव के विकास के लिए भरोसा दिलाया।