वृद्धा ने खुद पर केरोसिन डालकर लगाई आग, मौत
प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के छतौना गांव में एक वृद्ध महिला ने गुरुवार सुबह खुद पर क
प्रतापगढ़ : आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के छतौना गांव में एक वृद्ध महिला ने गुरुवार सुबह खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसका दाह संस्कार भी कर दिया गया। वहीं पुलिस इस बड़ी घटना से अनभिज्ञता प्रकट कर रही है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के छतौना गांव की सुखदेवी (75) पत्नी लक्ष्मण गौतम ने गुरुवार सुबह करीब सात बजे अज्ञात कारणों से स्वयं के मकान के बाहर केरोसिन डालकर खुद को आग लगा लिया। आग में जलती वृद्धा पर गांव के एक बालक की नजर पड़ गई तो उसने शोर मचा दिया। हल्ला-गुहार पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। महिला का पति लक्ष्मण कई माह से बीमार है। ऐसे में वह कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं था। दोनों बुजुर्ग घर से एक किलोमीटर दूर आटा चक्की की मशीन पर रहते थे। बुजुर्ग महिला के तीन बेटियां अनंती, लालती, आरती हैं, जो विवाहित हैं। घर में बीमार पति के अलावा कोई नहीं था। ऐसे में ग्राम प्रधान कल्पूराम के साथ ग्रामीणों ने बिना पुलिस को सूचना दिए इब्राहिमपुर घाट पर उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस ह्रदय विदारक घटना की जानकारी मिलने पर बेटी लालती पहुंची। एसओ विपिन कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है।