वन विभाग को सौंपे गए राष्ट्रीय पक्षी के बच्चे
राष्ट्रीय पक्षी मोर के दो बच्चों की जान बचाने वाले दंपती ने शनिवार को उनको दैनिक जागरण के सहयोग से वन विभाग को सौंप दिया। इस पर वन अफसरों ने उनको प्रोत्साहित किया।
जासं, प्रतापगढ़/विश्वनाथगंज : राष्ट्रीय पक्षी मोर के दो बच्चों की जान बचाने वाले दंपती ने शनिवार को उनको दैनिक जागरण के सहयोग से वन विभाग को सौंप दिया। इस पर वन अफसरों ने उनको प्रोत्साहित किया।
जनपद के विश्वनाथगंज मानधाता के बुआपुर के लालजी पटेल व उसकी पत्नी संतरा देवी ने खेतों में काम करने के दौरान मोर के दो बच्चे की जान बचाई थी। उनको अपने पास रखा था। कुत्ते के हमले से हुए घाव का उपचार कराया। उनकी देखभाल में लग गए। उनकी रखवाली करते रहे। इसके बाद शुक्रवार को दंपती ने दैनिक जागरण के सहयोग से मोर के बच्चों को वन विभाग के हवाले करने का निर्णय लिया। डीएफओ वरुण सिंह ने दंपती को भरोसा दिलाया कि उनका काम नेक है। उनको कोई दिक्कत नहीं होने पाएगी। यह खबर दैनिक जागरण ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की तो पूरे जिले में लोगों ने इस पहल को सराहा।
दोपहर में दंपती ने चिलबिला में डीएफओ कार्यालय पहुंचकर मोर के बच्चों को डीएफओ के हवाले कर दिया। डीएफओ वरुण सिंह ने इस कार्य की सराहना की। साथ ही कहा कि विभाग के आला अफसरों के माध्यम से दंपती को सम्मान पत्र दिलाएंगे। साथ ही उन्होंने दैनिक जागरण को वन्य जीव व पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सकारात्मक सहयोग देने के लिए सराहा। इस मौके पर विभाग के रेंजर सदर सुरेंद्र तिवारी, डिप्टी रेंजर सियाराम पांडेय, वन रक्षक विनोद कुमार व वन दारोगा आशीष सिंह समेत कर्मी मौजूद रहे।