मम्मी ड्यूटी पर, छोटू पापा के जिम्मे
प्रतापगढ़ गोद में दुधमुंहा बच्चा। रह-रहकर उसका रोना तभी पापा बोले इसे मुझे दे दो..तुम ड्यूटी पर जाओ।
प्रतापगढ़ : गोद में दुधमुंहा बच्चा। रह-रहकर उसका रोना, तभी पापा बोले, इसे मुझे दे दो..तुम जाओ डिकोडिग कराओ। इस तरह के कई दृश्य पोलिग पार्टी रवानगी के दौरान महुली मंडी में देखने को मिले। सदर विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को कई महिला कर्मचारी अपने बच्चों को साथ लेकर आई थीं। वह सुबह से ही यहां पहुंच गईं। इनमें से अधिकांश अपनी ड्यूटी कटवाने को लेकर अंतिम समय तक प्रयास करती रहीं। कुछ की ड्यूटी तो कट गई, लेकिन कुछ को मतदान ड्यूटी पर जाना ही पड़ा।
ड्यूटी में आई पूजा देवी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान ड्यूटी कटवाने को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन ड्यूटी नहीं कट सकी। वह अपने बच्चे को साथ लेकर आईं हैं। प्रिया पांडेय का कहना था यहां काफी अव्यवस्था है। साथियों को खोजने में दिक्कत आ रही है। स्वीटी जायसवाल के मन में मतदान कराने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने बताया कि वह मतदान पूरी ईमानदारी के साथ कराएंगी। इसी प्रकार रजनी यादव व गीता पांडेय चुनाव ड्यूटी के लिए सुबह से ही महुली मंडी पहुंच गईं थीं। बताया कि यहां पर खाने पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। मंगरौरा की रीता वर्मा का कहना था काफी प्रयास के बाद भी ड्यूटी नहीं कट सकी।
--
दोपहर बाद रिजर्व कर्मियों की लगाई गई ड्यूटी
: मतदान के लिए रिजर्व रखे गए कर्मचारियों की ड्यूटी दोपहर बाद लगाई गई। इस दौरान यहां अफरा तफरी रही। हुआ यूं कि मतदान में लगे कुछ कर्मचारी विभिन्न कारणों से जब नहीं पहुंच सके तो उनके स्थान पर रिजर्व कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया। बीएसए अशोक सिंह ने बताया कि रिजर्व में 400 कर्मचारी रहे। करीब 75 की ड्यूटी लगाई गई।