धूप के बाद भी गलन कायम, दो की मौत
सोमवार को दो लोगों की भी मौत हो गई।
प्रतापगढ़ : जिले में पारा दिन पर दिन गिरता जा रहा है। इसके चलते हो रही गलन कम नहीं हो रही है। आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। अब मानव ही नहीं पशु व पक्षी भी काल के गाल में समा रहे हैं। अंतू में कबूतर व तोते मरे पाए गए। सोमवार को दो लोगों की भी मौत हो गई।
सोमवार को न्यूनतम तापमान रविवार से डेढ़ डिग्री कम रहा। दोपहर में धूप भी हुई, पर बेअसर रही। अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड के चलते अंतू की 21 साल की अंतिमा तिवारी की मौत हो गई। चार लोग रविवार को भी मरे थे। सदहा प्रतिनिधि ने बताया कि आसपुर देवसरा क्षेत्र के डाही निवासी हीरालाल रजक (38) की सोमवार सुबह ठंड लगने से मौत हो गई। इनकी आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय है। सोमवार सुबह ठंड से वह कांप रहे थे। लोगों ने आग जलाकर उन्हें तपाने की कोशिश भी की, लेकिन थोड़ी देर में उनकी मौत हो गई। हीरालाल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। इसमे दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। यहां पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव, राकेश यादव, शशिकांत यादव, तीर्थराज रजक, राकेश वर्मा, अनिल वर्मा, सुग्रीव यादव, धर्मेंद्र यादव, पंकज सहित अन्य ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त किया।