तीन बच्चों समेत कुएं में कूदी विवाहिता, दो की मौत
प्रतापगढ़ घरेलू कलह के चलते आवेश में आकर एक विवाहिता अपने तीन मासूम बच्चों को लेकर
प्रतापगढ़ : घरेलू कलह के चलते आवेश में आकर एक विवाहिता अपने तीन मासूम बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई। दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला व उसकी एक बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के मेड़ुआडीह गांव का जय सिंह यादव मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर वह अपनी पत्नी रेखा व तीनों बच्चों पुत्र आकाश (7), बेटी स्वीटी (5) और ईशानी (3) को छोड़ गया था। घर पर उसके पिता समेत अन्य लोग भी रहते हैं। रेखा का आए दिन कलह के कारण झगड़े होते थे। बुधवार को दिन में सास आदि से कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद रेखा अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर घर के बाहर आई। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह बच्चों सहित कुएं में कूद गई। पड़ोसियों की नजर पड़ी तो शोर मचाया।
तब तक गांव व घर के लोग भी दौड़कर आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। गांव वालों की मदद से चारों को बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने बेटे आकाश व बेटी स्वीटी को मृत बताया। रेखा व ईशानी को वहां से जिला अस्पताल ले जाया गया। चोट से दोनों अचेत थे। एसओ फतनपुर उमेश सिंह मौके पर पहुंचे। मामले की छानबीन शुरू की।
मायके पक्ष ने लगाए आरोप, बिगड़ा माहौल : रेखा के आत्मघाती कदम के बारे में सुनने पर मायके वाले अवाक रह गए। आननफानन में वह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। मायके वाले प्रताड़ना का आरोप लगाने लगे। ससुराल पक्ष से भी कुछ लोग विवाद करने लगे। इससे माहौल खराब होने लगा। मारपीट होने की नौबत आ गई। पुलिस ने मामले को संभाला।