खनन घोटाला में नामजद आइएएस अफसर अभय सिंह पर मामा ने लगाया मारपीट का आरोप, प्रापर्टी का मामला
विवादित आइएएस अधिकारी अभय सिंह और उनके मामा भाजपा नेता रवि सिंह के बीच गुरुवार देर रात शहर के राजधानी होटल में प्रापर्टी को लेकर मारपीट हो गई।
प्रतापगढ़, जेएनएन। अखिलेश यादव सरकार में खनन घोटाला में नामजद आइएएस अफसर अभय सिंह लगातार विवादों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। ताजा मामला मामा से मारपीट का है। मामा का आरोप है कि अभय सिंह ने प्रतापगढ़ में गुरुवार देर रात उनसे होटल में काफी मारपीट की है।
विवादित आइएएस अधिकारी अभय सिंह और उनके मामा भाजपा नेता रवि सिंह के बीच गुरुवार देर रात शहर के राजधानी होटल में प्रापर्टी को लेकर मारपीट हो गई। भाजपा नेता रवि सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भांजे अभय सिंह व उनके गुर्गों ने देर रात उनके साथ मारपीट की। रवि सिंह ने गुरुवार की देर रात में नगर कोतवाली में तहरीर दी। उनका आरोप है कि अभय सिंह के दबाव के कारण अभी मुकदमा कायम नहीं हुआ है। उधर अभय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर लिया है। अभय सिंह बुलन्दशहर के डीएम रह चुके हैं और अवैध खनन मामले में सीबीआइ उनके यहां छापे भी मार चुकी है।
बुलंदशहर में जिलाधिकारी रहे अभय सिंह के आवास पर खनन घोटाला में सीबीआइ ने छापा मारा था। अभय सिंह के सरकारी आवास से 47 लाख रुपये मिले थे। वह इस रकम का उचित स्रोत नहीं बता पाए थे। अभय सिंह इस छापा के बाद से प्रतीक्षा सूची में चल रहे हैं। सीबीआई एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। इस केस की जांच ईडी भी कर रही है।