यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Road Accident : प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा; हाईवे पर बेकाबू एलपीजी टैंकर ऑटो पर पलटा-12 लोगों की मौत
UP Road Accident सुखपालनगर से मोहनगंज के बीच पूरे रायजू विक्रमपुर के पास लालगंज की तरफ से गैस का टैंकर ...और पढ़ें

जासं, प्रतापगढ़ : रायबरेली-जौनपुर राजमार्ग पर पूरे रायजू विक्रमपुर के पास सोमवार दोपहर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बेकाबू एलपीजी टैंकर सवारियों से भरे आटो पर पलट गया। इस हादसे में आटो सवार एक ही परिवार के तीन लोगों, दो सगी बहनों समेत 12 की मौत हो गई।
हादसे में टेंपो में रहे छह व बगल से गुजर रहे एक व्यक्ति समेत सात लोग घायल हो गए। इस हृदयविदारक दुर्घटना में मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख व घायलों को 50-50 हजार की मदद की घोषणा यहां मुख्यमंत्री की ओर से डीएम ने की। टैंकर को घटनास्थल से हटाने के लिए ढाई घंटे तक हाईवे पर आवागमन रुका रहा। आसपास के लोग सहमे रहे।
शहर से एक आटो रिक्शे पर नियम विरुद्ध 15 सवारियों लेकर चालक जेठवारा जा रहा था। दोपहर करीब सवा तीन बजे मोहनगंज से पहले सकरनी नदी का पुल पार करने के बाद अचानक वाराणसी की ओर जा रहे खाली गैस टैंकर (कैप्सूल) के चालक ने एक बाइक सवार को बचाने के लिए पावर ब्रेक का इस्तेमाल किया। इससे टैंकर नहीं संभला और आटो पर जा पलटा। इससे आटो के परखचे उड़ गए।
चीख-पुकार मच गई। कोई इधर पड़ा था, कोई उधर। आसपास के लोग व मोहनगंज पुलिस चौकी के कर्मी दौड़ पड़े। जैसे-तैसे घायलों को प्रताप बहादुर अस्पताल भेजवाया।
वहां पर टेंपो चालक 25 वर्षीय सतीश कुमार भैरोपुर नौबस्ता, धनसारी निवासी 63 वर्षीय हरकेश श्रीवास्तव, इसी गांव के 67 वर्षीय शीतला प्रसाद, 21 वर्षीय नीरज पांडेय, रेड़ी गांव के 45 वर्षीय मोहम्मद रईस और उनकी पत्नी 42 वर्षीय गुलशन बेगम को मृत घोषित कर दिया गया जबकि चालक सतीश के पिता 47 वर्षीय राधेश्याम, उसकी मां 45 साल की विमला उर्फ नेताइन, दो सगी बहनें 33 साल की शहनाज व 27 साल की आयशा असद द्वारिकागंज सुलतानपुर और नीरज की भांजी गाकी मौत एसआरएन प्रयागराज में हो गई।
अकबाल बहादुर सिंह समेत चार घायलों का इलाज वहीं पर चल रहा है। डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से पीड़ितों को मदद दी जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी विद्यासागर मिश्र का कहना है कि टैंकर चालक की तलाश की जा रही है। उसे पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
