सदर ब्लॉक में बनेगा गेस्ट हाउस, अफीम कोठी का बदलेगा लुक
ब्रिटिश जमाने की बनी अफीम कोठी का लुक आने वाले दिनों में बदला नजर आएगा। अफीम कोठी के सुंदरीकरण की कवायद चल रही है। इस पर करोड़ों का खर्च आएगा। इसके लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
प्रवीन कुमार यादव, प्रतापगढ़ : ब्रिटिश जमाने की बनी अफीम कोठी का लुक आने वाले दिनों में बदला नजर आएगा। अफीम कोठी के सुंदरीकरण की कवायद चल रही है। इस पर करोड़ों का खर्च आएगा। इसके लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विकास भवन के सामने अफीम कोठी आज भी अपनी भव्यता से अपने गौरवशाली इतिहास का आभास कराती है। अंग्रेज अफीम की खेती कराते थे। इसी भवन में अफीम रखी जाती थी। अंग्रेजों के जमाने में बना यह भवन आज भी उतना ही मजबूत है। इसमें हर चुनाव का प्रशिक्षण होता चला आ रहा है। ब्लॉक स्तर के सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम यहीं पर आयोजित होते हैं। इसके सुंदरीकरण पर साढ़े तीन करोड़ खर्च आएगा। वहीं सदर ब्लाक में गेस्ट हाउस बनेगा। इसमें चार वातानुकूलित वीआइपी कक्ष, शौचालय, स्नानागार आदि की व्यवस्था रहेगी। इसके बन जाने के बाद शहर में दो गेस्ट हाउस हो जाएंगे। इसी बजट में अफीम कोठी में बने हॉस्टल, ऑडिटोरियम, वार्ता कक्ष, सड़क व दीवारों का भी सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा कोठी में इंटरलॉकिग बिछाई जाएगी। भारत सरकार को भेजा गया प्रस्ताव
अफीम कोठी के सुंदरीकरण का प्रस्ताव माह भर पहले तैयार किया गया। प्रस्ताव कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह की तरफ से भारत सरकार को भेजा गया। उम्मीद है कि जल्द ही प्रस्ताव पर बजट स्वीकृत हो जाएगा। इसके बाद उसे कार्यदायी संस्था के माध्यम से निर्माण शुरू कराया जाएगा। खाली कराया जाएगा सदर ब्लॉक
विकास भवन स्थित सदर ब्लाक किराए के भवन में चल रहा है। जिस भवन में ब्लॉक संचालित है, दरअसल वह क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान का है। सदर ब्लॉक को आने वाले दिनों में खाली कराकर यहां पर गेस्ट हाउस बनाया जाएगा। परिसर में काफी खाली जमीन है। विभाग के अनुसार परिसर की खाली जमीन पर भी ब्लाक के भवन का निर्माण हो सकता है। हालांकि सुखपाल नगर के पास सरकारी जमीन पर ब्लाक का भवन बनाने की कवायद सालों से लंबित है। वर्जन..
अफीम कोठी भारत सरकार के अधीन है। इसलिए इसके सुंदरीकरण व गेस्ट हाउस बनाने का प्रस्ताव शासन स्तर से भारत सरकार को भेजा गया है। इसमें हॉस्टल, दीवारों के भी सुंदरीकरण बनाए जाने का भी कार्य शामिल है। आने वाले दिनों में अफीम कोठी देखते ही बनेगा।
-शिव प्रकाश, आचार्य (आचार्य क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान)