बेरोजगारों का रजिस्टर बनाए सरकार, इसके लिए कांगेस चलाएगी अभियान
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस ने देश में बढ़ती बेरोजगारी के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है।
संसू, प्रतापगढ़ : यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस ने देश में बढ़ती बेरोजगारी के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि भारत सरकार अविलंब एक राष्ट्रीय बेरोजगारी रजिस्टर तैयार कराए। डॉ. नीरज मंगलवार को बाबागंज स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रोजगार के मुद्दे पर सरकार को कांग्रेस घेरेगी। इसके लिए राष्ट्रीय बेरोजगारी रजिस्टर में बेरोजगारों के रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की गई। बेरोजगारों के पंजीयन के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। उन्होंने टोल फ्री नंबर 8151994411 पर बेरोजगारी रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत राजस्थान से राहुल गांधी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसके अनुसार छह वर्षो में लगभग 12 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था, परंतु रोजगार मिलना तो दूर उनसे रोजगार छीना जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव बूथ स्तर पर जाकर इस अभियान को गति प्रदान करेंगे। इस अवसर पर शमशाद अहमद, पूर्व अध्यक्ष नरसिंह प्रकाश मिश्र, रोहित शुक्ल, डॉ. प्रशांत देव शुक्ल, सुधीर तिवारी, डॉ. वीके सिंह, जमुना प्रसाद पांडेय आदि मौजूद रहे।