कंपनीबाग को भी मात दे रहा मॉडल प्राइमरी स्कूल का गार्डेन
ब्लाक लक्ष्मणपुर अंतर्गत मॉडल प्राथमिक विद्यालय देवली का गार्डेन जिले के कंपनीबाग को भ
प्रतापगढ़ : ब्लाक लक्ष्मणपुर अंतर्गत मॉडल प्राथमिक विद्यालय देवली का गार्डेन जिले के कंपनीबाग को भी मात दे रहा है। समूचे विद्यालय का वातावरण देख हर किसी को वहां कुछ पल रुकने का मन जरूर हो जाएगा। ऐसे माहौल में स्कूल के बच्चे भी प्रसन्नता पूर्वक शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही लोगों से इसका बखान भी कर रहे हैं। यह सब कुछ गांव के प्रधान मनोज सिंह के प्रयास से संभव हो सका है।
प्रधान ने विद्यालय परिसर में महानगरों की तर्ज पर बच्चों के लिए झूला, हरी भरी घास, विभिन्न प्रकार के पौधों से खूबसूरत गार्डेन तैयार कराया है। रंगबिरंगी लाइटें भी लगवाई हैं। इन सबसे बच्चों में आकर्षण बना और वे पढ़ाई के साथ गार्डेन का लुत्फ भी उठा रहे हैं। वहीं गांव के लोग शाम ढलते ही इवनिग वॉक के लिए विद्यालय परिसर में पहुंच जाते हैं। यहां सकून से घंटों व्यतीत करते हैं। डीएम मार्कंडेय शाही ने प्रधान द्वारा कराए गए बेहतरीन कार्य का निरीक्षण किया और उनकी पीठ भी थपथपाई। प्रधानाध्यापक अंजनी सिंह बताते हैं कि विद्यालय में 113 नामांकित बच्चे हैं। इनमें से 56 छात्राएं हैं। प्रतिदिन स्कूल आने को लेकर सभी बच्चों ंमें उत्साह रहता है। खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि प्रधान के सहयोग से विद्यालय का कायाकल्प हुआ है। यह ब्लाक का उत्कृष्ट मॉडल स्कूल है, जहां बच्चो का सर्वागीण विकास हो रहा है। स्कूल का कायाकल्प होने समेत विकास कार्यो की रिपोर्ट शासन में भेजने की तैयारी चल रही है। डीपीआरओ लालजी दुबे ने बताया कि प्रधान को सम्मानित किए जाने के लिए शासन को नाम भेजा जाएगा।