पूजा स्थल के दीपक से घर में लगी आग, दो सिलेंडर फटे
अंतू थाना क्षेत्र के ढेकाही गांव में शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक घर में आग लग गई। इससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के ढेकाही गांव में शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक घर में आग लग गई। इससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह गांव वालों ने आग पर काबू पाया। देर रात तक गांव में अफरातफरी मची रही।
ढेकाही गांव का रहने वाले राजकुमार सिंह बदायूं जिला में खाद की कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके साथ उसका बेटा भी रहता है। गांव में उसकी पत्नी सुषमा और बेटी अंतिमा ही रहती है। शनिवार की शाम साढ़े छह बजे सुषमा अपने कच्चे मकान में भगवान की आरती करने के बाद घर में जगह-जगह दीपक जलाया। इसी दौरान अचानक दीपक से उसके घर में आग लग गई। घर में अचानक लगी आग से सुषमा घबरा गई। इस दौरान आग ने पूरे घर को अपने घेरे में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता कि घर में रखे दो सिलेंडर एक बाद एक करके फट गए। इससे आग और भी ज्यादा भड़क गई। हालांकि घर में कोई नहीं था, इस वजह से कोई घायल नहीं हुआ। गांव वाले जब तक आग बुझाते, गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। फायर बिग्रेड वाले देर से पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। ग्राम प्रधान विद्या सिंह ने मौके पर पहुंचकर इस घटना की सूचना जिला प्रशासन को दी। हालांकि कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।