ढिंगवस दंगल में जौनपुर के निगम पहलवान बने चैंपियन, महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में दिखाया जोरदार दमखम
ढिंगवस में आयोजित स्व. शशिधर मिश्र अंतरराज्यीय दंगल में देशभर के पहलवानों ने दमखम दिखाया। जौनपुर के निगम पहलवान ने ...और पढ़ें

ढिंगवस पूरे बीरबल में कुश्ती के दांव आजमाते पहलवान। सौ. आयोजक
HighLights
जौनपुर के निगम पहलवान ने जीता चैंपियन का खिताब।
महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में दिखाया शानदार प्रदर्शन।
ढिंगवस में हुआ स्व. शशिधर मिश्र अंतरराज्यीय दंगल।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। ढिंगवस के पूरे बीरबल शशिधर नगर में विजयादशमी पर आयोजित स्व. शशिधर मिश्र अंतरराज्यीय परंपरागत दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के दमखम और दांव-पेंच ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में जौनपुर के निगम पहलवान ने मेरठ के जाबिर पहलवान को पटखनी देकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में जोरदार प्रदर्शन कर खूब वाहवाही बटोरी।
अखाड़े में एक से बढ़कर एक मुकाबले
कार्यक्रम का शुभारंभ कथावाचक स्वामी विनोदानंद सरस्वती और दंगल के संयोजक एवं प्रधान प्रशासक शांतिभूषण मिश्र रज्जन ने स्व. शशिधर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अखाड़े में एक से बढ़कर एक मुकाबले हुए।
पंजाब के मौसम अली और मुजफ्फरनगर के टाइगर पहलवान के बीच हुई कुश्ती दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। महिला पहलवानों के मुकाबलों में राजस्थान की पायल सैनी ने कानपुर के अंकित को चित्त कर जीत दर्ज की। बनारस के लल्ला पाठक ने कौशांबी के तोता पहलवान को पटखनी दी।
राजस्थान की पायल ने झुमरी तलैया के पप्पू पहलवान को हराया, जबकि मुजफ्फरनगर के नकाबपोश ने पंजाब के आलम को चित किया। कौशांबी की संध्या ने प्रयागराज की राखी को मात दी। जौनपुर के सुनील ने बनारस के सुशील और राजस्थान के राणा पहलवान ने पंजाब के मौसम अली को पराजित किया। वहीं, फतेहपुर के रामचंद्र और बांदा के सुमित के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
ये रहे अतिथि
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल रहे। संयोजक शांतिभूषण मिश्र रज्जन और शिवभूषण मिश्र सज्जन ने अतिथियों के साथ विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया। समाजसेवी विश्वभवन शुक्ल ने चैंपियन कुश्ती के पहलवानों का हाथ मिलवाया। रेफरी लालजी त्रिपाठी और कमलेश द्विवेदी ने मुकाबलों का संचालन कराया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन आद्याशरण शुक्ल और रामेश्वर प्रसाद शुक्ल ने किया। इस मौके पर अशोक मिश्र, हौसिला प्रसाद ओझा, बृजकिशोर शुक्ल, डा. शक्ति कुमार पांडेय, ललित मिश्र, इंद्रानंद तिवारी और प्रीतेंद्र ओझा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- UP News: प्रतापगढ़ के ‘बंटी-बबली’ आजमगढ़ में धराए, नौकरी के नाम पर कई को लगाया था चूना
यह भी पढ़ें- UP News: प्रतापगढ़ में खड़े ट्रक में घुसी बाइक, ठेकेदार की मौत; पल्सर से लौट रहे थे घर, सुवंसा बाजार में हादसा
