बेसहारा मवेशियों को ब्लाक में किया कैद, कर्मी भी फंसे
फसलों को रौंद रहे और हादसे की वजह बन रहे बेसहारा मवेशियों को गांव के लोगों ने ब्लाक परिसर में हांक दिया।
संसू, मांधाता : फसलों को रौंद रहे और हादसे की वजह बन रहे बेसहारा मवेशियों को गांव के लोगों ने ब्लाक परिसर में हांक दिया। इसके बाद गेट पर ताला जड़ दिया। यह सब ग्रामीणों ने तब किया जब वे अफसरों की अनदेखी से त्रस्त हो गए। मवेशियों के साथ कर्मी भी ब्लाक परिसर में फंसे रहे।
क्षेत्र के सराय नाहर राय के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बेसहारा मवेशियों को मानधाता ब्लॉक में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया। इससे शाम साढ़े चार बजे तक ब्लाक के सभी कर्मचारी बाहर नहीं निकल सके। शाम को एडीओ पंचायत अनिल श्रीवास्तव के आश्वासन पर लोग जैसे तैसे माने। 100 से ज्यादा पशु मांधाता ब्लाक में बंद रहे। ग्रामीणों का कहना था कि किसानों की खेती एवं प्रसिद्ध स्थल दवारिया वीर को भी पशु नुकसान पहुंचा रहे हैं। नाराज ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन किया गया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। मौके पर मानधाता पुलिस ने पहुंचकर जैसे तैसे लोगों को शांत कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि हमारे ग्राम सभा में गोशाला का निर्माण नहीं हुआ है। इससे पशु फसलों को नष्ट कर रहे हैं। एडीओ पंचायत ने वादा किया कि सराय भीमसेन में शनिवार से अस्थाई गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद लोग माने। तब तक शाम के साढ़े चार बज गए थे। बाद में एसडीएम मोहन लाल गुप्ता भी वहां पहुंचे। उन्होंने आश्रय स्थल के लिए भूमि का अवलोकन किया। ये कर्मी रहे सांसत में
विरोध प्रदर्शन व तालाबंदी के दौरान ब्लाक के प्रवेश कुमार, वीडीओ सत्येंद्र कुमार, एडीओ अनिल श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत अखिलेश सरोज, ग्राम विकास अधिकारी अखिलेश कुमार कंप्यूटर व ऑपरेटर नगीना द्विवेदी सांसत में रहे।