गायब युवक का नहर में मिला शव, हत्या की आशंका
प्रतागपढ़ एक हफ्ते से गायब युवक का शव शुक्रवार को सुबह पूरे राम सहाय गांव में नहर में
प्रतागपढ़ : एक हफ्ते से गायब युवक का शव शुक्रवार को सुबह पूरे राम सहाय गांव में नहर में मिला। पुलिस ने लावारिस में शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। यहां पोस्टमार्टम हाउस में कपड़े आदि से मामा ने मृतक की शिनाख्त की। स्वजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र के पूरे राम सहाय गांव निवासी राहुल (24) पुत्र श्रीराम पांच जून को मामा राजेंद्र निवासी कटरा गुलाब सिंह, थाना जेठवारा के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था। यहां से पांच जून को वह घर रवाना हो गया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। अगले दिन तलाश करने के दौरान उसकी बाइक व पर्स देल्हूपुर के करीब पवारपुर गांव में नहर किनारे मिला था। इस बीच रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे रामसहाय गांव के पास शुक्रवार की सुबह शौच को गए ग्रामीणों ने नहर में एक युवक का शव पानी में उतराता देखा तो फौरन सूचना पुलिस को दी। एसओ मृत्युंजय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ के अनुसार शव करीब एक हफ्ते पहले का लग रहा है। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने लावारिस में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
इस बीच रानीगंज की नहर में एक युवक का शव मिलने की जानकारी होने पर राजेंद्र नामक व्यक्ति पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। उसने कपड़े आदि से शव की शिनाख्त अपने भांजे राहुल के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर राहुल का भाई रोहित सहित स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। रोहित ने भाई की हत्या की आशंका जताई। शव सड़ जाने के कारण मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व कर लिया है।