Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    प्रदेश में चिह्नित कर प्रताड़ित किए जा रहे ब्राह्मण : सतीश

    By JagranEdited By:
    Updated: Wed, 28 Jul 2021 10:17 PM (IST)

    रानीगंज बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण्

    Hero Image
    प्रदेश में चिह्नित कर प्रताड़ित किए जा रहे ब्राह्मण : सतीश

    रानीगंज : बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि प्रदेश में ब्राह्मण सताए जा रहे हैं। उनको चुनकर मारा जा रहा है। दलित भी प्रताड़ित हो रहे हैं। भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर ब्राह्मणों का वोट लेकर उसका व्यापार किया है। अयोध्या में कोई निर्माण नहीं दिख रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महासचिव सतीश बुधवार को प्रतापगढ़ में थे। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के राम नगर में प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी में उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर तीर चलाए। कहा कि साल भर से अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर दिखावा हो रहा है। भाजपा राम और अयोध्या की ठेकेदार बन गई है। आस्थावान लोगों से चंदा बटोरा जा रहा है। जबकि सच यह है कि बसपा सरकार में काशी, अयोध्या व वृंदावन का कायाकल्प किया गया था। यह सरकार गंगा स्वच्छता के नाम पर जनता के पैसे बर्बाद कर रही है। सतीश चंद्र ने गैंगस्टर विकास दुबे एनकाउंटर की चर्चा करते हुए कहा कि अपराधी को सजा मिले, पर कानून तय करे। सरकार रोको-ठोको नीति चला रही है। वह भी केवल ब्राह्मणों के साथ। प्रतापगढ़ समेत हर जिले में सरकार को ब्राह्मण ही दोषी दिख रहे हैं। जाने कितने माफिया पड़े हैं। कार्रवाई में जाति क्यों देखी जा रही है। सपा भी ऐसी ही है। उस सरकार में अपमान से आहत पूर्व मंत्री राजाराम पांडेय की मौत हो गई थी। बेरोजगारी, महंगाई के लिए उन्होंने यूपी के साथ केंद्र सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया। कहा कि बसपा प्रमुख मायावती की सरकार में जनता खुशहाल व अपराधी भयभीत थे। इन बातों को प्रबुद्ध वर्ग को याद कराने के लिए बसपा ने यह आयोजन शुरू किया है। आयोजक पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ल ने कहा कि बसपा में ही ब्राह्मणों का हित है। बहन जी की सरकार में ब्राह्मण मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभाग मिलते थे। फिर से से बसपा की सरकार बनानी होगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नकुल दुबे,पूर्व विधायक संजय त्रिपाठी, अरुण द्विवेदी, कोआर्डीनेटर अमरेंद्र बहादुर भारती, जिलाध्यक्ष लालचंद्र गौतम, सुशील कुमार गौतम, कमलेश विश्वकर्मा, राम समाज गौतम, बार कौंसिल के सदस्य देवेंद्र मिश्र नगरहा, बाबा तिवारी व विजय मिश्र बाबी समेत लोगों ने सहभागिता की। आयोजक पूर्व विधायक राम शिरोमणि ने माला व गदा देकर सतीश मिश्रा का सम्मान किया।

    - तिलक-तराजू..बसपा का नारा नहीं

    ब्राह्मण शंख बजाएगा..हाथी बढ़ता जाएगा। यह नारा इन दिनों बसपा के मंच पर गूंज रहा है। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के बहाने ब्राह्मणों को साधने-समझाने का पूरा प्रयास सतीश मिश्र ने भी किया। वह बार-बार इसी बात पर जोर देते रहे कि भाजपा व अन्य विरोधी दल बाबा साहेब के मिशन को रोकना चाहते हैं। इसके लिए वह तरह-तरह के नफरत वाले नारे देकर उसे बसपा के मत्थे मढ़ देते हैं। कई दशक से तिलक-तराजू और तलवार..नामक नारा बसपा का बताया जा रहा है। जबकि बसपा के किसी नेता ने यह कहा ही नहीं। संगोष्ठी में वेद मंत्रों की गूंज के साथ ही शंख ध्वनि भी होती रही। बसपा नेता का पूरा प्रयास रहा कि ब्राह्मण एक बार फिर से बहन जी को ताकत दे। विश्वास भी दिलाया कि सरकार बनने पर इस वर्ग को पूरा हिस्सा भी मिलेगा। सोशल इंजीनियरिग पर जोर देते हुए मिश्र ने यह भी बताया कि यूपी में दलित 23 व ब्राह्मण 13 फीसद हैं। अगर दोनों मिल जाएं तो कोई ताकत बसपा को सत्ता में आने से रोक नहीं सकती। उन्होंने बसपा का वह पुराना नारा दोहराकर बात को पूरा किया कि हाथी नहीं गणेश है..ब्रह्मा विष्णु महेश हैं।