बाइक सवार बदमाशों ने लकड़ी ठेकेदार को मारी गोली, भर्ती
अंतू थाना क्षेत्र के चतुरपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास गुरुवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने लकड़ी ठेकेदार को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे भर्ती कराया। घायल युवक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस गोली लगने की बात से इन्कार कर रही है।
संवाद सूत्र, संडवा चंद्रिका : अंतू थाना क्षेत्र के चतुरपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास गुरुवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने लकड़ी ठेकेदार को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे भर्ती कराया। घायल युवक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस गोली लगने की बात से इन्कार कर रही है।
चतुरपुर उमरी गांव निवासी नितिन सरोज (25) लकड़ी ठेकेदार है, वह शटरिग का भी काम करता है। वह गुरुवार रात करीब नौ बजे अंतू क्षेत्र के बाबूगंज पेट्रोल पंप के पास स्थित ढाबा संचालक बसंत मिश्रा के पास गया था। वह बसंत को छोड़ने उनके घर उमरी (खेतई का पुरवा) गया था।
वहां से बाइक से अपने घर जा रहा था। वह चतुरपुर के पास स्थित भट्ठे के पास पहुंचा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने हार्न बजाकर उसे रोक लिया। नितिन के बाइक रोकते ही उन युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली दाहिने कंधे में लगी। नितिन बाइक छोड़कर शोर मचाते हुए खेत की तरफ भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस बीच बाइक सवार हमलावर मौके से भाग निकले। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल नितिन को पहले सीएचसी ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के उसे पुलिस जिला अस्पताल ले गई। वहां उसका इलाज चल रहा है। स्वजनों के मुताबिक नितिन के कंधे में गोली फंसी है, जिसे आपरेशन करके निकाला जाएगा। नितिन की पत्नी ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस बारे में एसओ प्रवीण कुशवाहा का कहना है कि युवक को गोली लगने की पुष्टि चिकित्सक ने नहीं की है। जख्म कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।