हड़ताल पर रहे बैंक कर्मी, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित
प्रतापगढ़ : आल इंडिया बैंक आफीसर्स कंफडरेशन (एआइबीओसी) के आह्वान पर वेतन वृद्धि और काम के समय के निर्धारण समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे।
प्रतापगढ़ : आल इंडिया बैंक आफीसर्स कंफडरेशन (एआइबीओसी) के आह्वान पर वेतन वृद्धि और काम के समय के निर्धारण समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को एसबीआइ सहित कई बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे। इससे करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ। वहीं अब शनिवार और रविवार को भी बैंक बंद रहने के कारण लोगों को आíथक संकट का सामना करना पड़ेगा।
जिले में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा समेत 33 शाखाएं हैं। इन सभी में पूरे दिन हड़ताल के चलते कामकाज ठप रहा। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक की नौ शाखाओं, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक में भी हड़ताल रही। शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने कर्मचारी एकत्र हुए और सभा की। एसबीआइ के प्रबंधक अविनाश शुक्ल ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के लिए काम के घंटे निर्धारित होने चाहिए। वर्कलोड अधिक होने से बैंक कर्मचारी अवसाद के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक के कर्मचारी जब हड़ताल करते हैं तो नो वर्क नो पे के आधार पर रहते हैं। अध्यक्षता कर रहे सहायक रीजनल सेक्रेटरी सुशील कुमार सरोज ने कहा कि पांच सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल की जा रही है। बैंक के कर्मचारियों की वेतन वृद्धि नवंबर 2017 से लंबित है। पुरानी पेंशन बहाल होनी चाहिए। बैंक कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान वेतन दिया जाना चाहिए। इस दौरान अनिल कुमार, प्रवीण कुमार, दिलीप झा, रवि रोशन, अभिषेक प्रियदर्शी, विभय पांडेय, रामश्रय, सुरेश कुमार, राम बरन आदि रहे। इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक जेपी निगम ने बताया कि मुख्य शाखा का लगभग बीस करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। पीएनबी के एनपी मिश्र ने बताया कि जिले की सभी नौ शाखाओं में लगभग दस करोड़ से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ। इसके साथ ही अन्य बैंकों में कुल मिलाकर करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ।
रानीगंज संवादसूत्र के अनुसार रानीगंज, दुर्गागंज, जामताली, सुवंसा सहित क्षेत्र की बैंकों में हड़ताल रही। गौरा संवादसूत्र के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा रामापुर में कामकाज हुआ। कुंडा संवादसूत्र के अनुसार स्टेट बैंक अधिकारी एसोसिएशन के बैनर तले हड़ताल रही। सुबह दस बजे के पहले ही बैंक के सामने बैंक बंदी का बोर्ड लगा दिया गया। लालगंज संवादसूत्र के अनुसार तहसील लालगंज क्षेत्र की बैंकों में ताला लटकता रहा। वहीं क्षेत्रों में बैंकों की टाइनी शाखाओं पर लेनदेन चलता रहा। लालगंज कस्बा, सगरासुंदरपुर, लीलापुर, रानीगंजकैथौला, सांगीपुर, दीवानगंज, राजापुर, ननौती आदि क्षेत्रों में खुली एसबीआइ शाखाओं पर दिनभर ताला लटकता रहा। वहीं बैंक आफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, बीओबी पूर्वी उप्र ग्रामीण बैंक की शाखाओं में लेने देन हुआ। पट्टी संवादसूत्र के अनुसार नगर के स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य बैंकों में हड़ताल रही।