बाघराय में एरिया मैनेजर से बदमाशों ने लूटे 1.70 लाख रुपये
स्थानीय थाना क्षेत्र के चौबरियन का पुरवा गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे बदमाशों ने एरिया मैनेजर से 1.70 लाख रुपये लूट लिए।
प्रतापगढ़ : स्थानीय थाना क्षेत्र के चौबरियन का पुरवा गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे बदमाशों ने तमंचा सटाकर प्राइवेट कंपनी के एरिया मैनेजर से एक लाख 70 हजार रुपये लूट लिए। वारदात की खबर पाकर हड़कंप मच गया। पुलिस ने चेकिंग शुरू कराई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी महेश यादव पुत्र मूलचंद्र यादव लालगोपालगंज स्थित भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन
प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर हैं। यह कंपनी बेरोजगार युवकों का समूह गठित कर उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर स्वावलंबी बनाने का काम करती है। ऐसे में समूह को दिए गए ऋण की वसूली हर माह की जाती है। ऋण की वसूली के लिए गुरुवार को महेश यादव, फील्ड मैनेजर धीरज यादव, कैशियर संदीप मिश्रा महेशगंज क्षेत्र के राजापुर बिधन गांव गए थे। कैशियर व फील्ड मैनेजर एक बाइक पर थे, जबकि दूसरी बाइक पर एरिया मैनेजर अकेले थे। ऋण वसूलने के बाद महेश, धीरज, संदीप रात करीब नौ बजे बाइक से लालगोपालगंज लौट रहे थे। वसूला गया पैसा एरिया मैनेजर महेश यादव के पास था। बारिश होने लगी तो धीरज व संदीप रुक गए।
चौबरियन का पुरवा गांव के नहर पुल के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोक ली और तमंचा सटाकर महेश से 1.70 लाख रुपये लूट लिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए निकल भागे। दस मिनट बाद जब पीछे रहे संदीप व धीरज घटनास्थल पर पहुंचे तो महेश ने जानकारी दी। फोन पर पुलिस को सूचना दी गई। एसओ बाघराय रवींद्र यादव ने पहुंच पूछताछ की। एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी, सीओ क्राइम आलोक सिंह, सीओ सदर अरविद वर्मा भी पहुंच गए। रात में नाकेबंदी करके बदमाशों की तलाश शुरू हुई। तीनों कर्मचारियों से पूछताछ हुई। सीओ अरविद वर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है।
पूर्व कर्मचारी हिरासत में : बाघराय पुलिस ने गुरुवार रात में ही हनुमानगंज, प्रयागराज में दबिश देकर सत्यम मिश्र को हिरासत में ले लिया। सत्यम डेढ़ साल पहले इसी कंपनी में फील्ड अफसर रह चुका है। उसने डेढ़ वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस सत्यम से पूछताछ कर रही है। शाम तक एरिया मैनेजर महेश यादव ने तहरीर नहीं दी थी। एसओ रवींद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है।