KBC में अमिताभ बच्चन की एक माफी ने बदली पैतृक गांव बाबूपट्टी की किस्मत, दीपावली से मिलेगी बड़ी सौगात
कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन की माफी के बाद उनके पैतृक गांव बाबूपट्टी की किस्मत बदल गई है। जिलाधिकारी ...और पढ़ें

HighLights
केबीसी में अमिताभ बच्चन की माफी से गांव की किस्मत बदली।
जिलाधिकारी ने 20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर काम शुरू कराया।
दीपावली से पहले बाबूपट्टी को नया पुस्तकालय मिलेगा।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) की हाट सीट से निकली एक माफी ने महानायक अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी की किस्मत बदल दी। इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने देखा तो वह अगले दिन गांव का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए।
गांव की ऐतिहासिकता के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होंने गांव को संवारने के लिए क्रिटिकल गैप फंड से 20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत करते हुए उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए शुक्रवार से काम शुरू करा दिया।
दो अक्टूबर को केबीसी में अमिताभ बच्चन के सामने हाट सीट पर दिल्ली में रहने वाले प्रतापगढ़ के पट्टी डंड़वा महोखरी निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी थे। जैसे ही उन्होंने बताया कि वह बाबूपट्टी के बगल के गांव के हैं तो अमिताभ भावुक हो गए। बोले- "अहा... वहां हमारे पूर्वजों का जन्म हुआ था। बाबूजी (स्व. हरिवंश राय बच्चन) वहीं से आए थे। हम वहां कुछ करना चाहते थे, पर कुछ रुकावट आ गई।
गांव बाबूपट्टी का किया तत्काल निरीक्षण
बाबूपट्टी के लोग हमसे नाराज हैं। हम उनसे माफी चाहते हैं। जल्द लाइब्रेरी खोल देंगे। आगे हंसते हुए उन्होंने कहा- "नहीं तो बाबूपट्टी के लोग और गरियाएंगे हमें, अभी तो पहले से ही नाराज चल रहे हैं।" यह वीडियो जब इंटरनेट मीडिया पर प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने देखा तो उनके मन में खटक गया। प्रख्यात साहित्यकार रहे स्व. हरिवंश राय बच्चन के गांव बाबूपट्टी का उन्होंने तत्काल निरीक्षण किया।
डीएम ने तत्काल कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास विकास को क्रिटिकल गैप फंड से 20 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया। शुक्रवार से आवास विकास ने वर्षों से बंद पड़े पुस्तकालय के कायाकल्प का काम शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर: तीन साल में खपाई 10.80 लाख बोरी नकली सीमेंट, भाजपा नेता पर संरक्षण का आरोप
जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के अनुसार इंटरनेट मीडिया पर केबीसी का लाइव प्रसारण देखने के बाद बाबूपट्टी गांव के बारे में जानकारी मिली। गांव का निरीक्षण करने के बाद कायाकल्प कराया जा रहा है। इस गांव को माडल गांव के तौर पर विकसित कराया जाएगा। दीपावली से पहले इस गांव को पुस्तकालय मिल जाएगा।
