मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल
जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय मकई गांव में लोनी नदी पुल पर रोकने पर बाइक सवार
प्रतापगढ़ : जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय मकई गांव में लोनी नदी पुल पर रोकने पर बाइक सवार बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह मेडिकल स्टोर संचालक की हत्या में फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जेठवारा एसओ विनोद यादव एसआइ राजेश मिश्र और हमराहियों के साथ गुरुवार भोर में करीब 4:40 बजे गश्त पर निकले थे। रास्ते में सराय मकई गांव स्थित लोनी नदी पुल पर बाइक सवार एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो पुलिस टीम पर फायर करके वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर अनियंत्रित होकर बाइक समेत वह गिर पड़ा।
पुलिस टीम को करीब आते देख उसने फिर पुलिस टीम पर फायर किया। बचाव करते हुए एसओ और दारोगा राजेश ने पिस्टल से एक-एक फायर किया। जिससे बाइक सवार बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने करीब जाकर देखा तो घायल युवक राहुल उर्फ प्रवीण तिवारी पुत्र विनोद कुमार तिवारी निवासी भंगवा, नगर कोतवाली निकला। उसके पास से पुलिस ने एक तमंचा, पांच कारतूस और बाइक बरामद की। घायल राहुल को पुलिस जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल में एसपी अभिषेक सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने बदमाश के आपराधिक इतिहास के बारे में एसओ से जानकारी ली। फिर प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
जेठवारा एसओ विनोद यादव ने बताया कि पांच अप्रैल 2019 की शाम डेरवा बाजार निवासी मेडिकल स्टोर संचालक रजत केसरवानी पुत्र संतोष केसरवानी की डेरवा-जेठवारा मार्ग स्थित ब्रह्मदेव बाबा के थान के पास गोली मारकर हत्या की गई थी। उस घटना में रजत के चाचा गिरीशचंद केसरवानी की तहरीर पर डेरवा बाजार निवासी दिलीप जयसवाल पुत्र लल्लू जायसवाल के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आयुष कौशल पुत्र राकेश कौशल निवासी महेशगंज बिकरा (जेठवारा), अंकित गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता निवासी डेरवा बाजार व राहुल उर्फ प्रवीण तिवारी निवासी भंगवा कोतवाली प्रतापगढ़ का नाम प्रकाश में लाया था। राहुल ने आयुष कौशल के कहने पर रजत की हत्या की थी। इसकी काफी दिनों से तलाश की जा रही थी। दो माह पूर्व एसपी ने राहुल पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। राहुल तिवारी शातिर अपराधी चंद्रकांत उर्फ मुन्ना मिश्र घेवड़ा निवासी सरायभीखनी, महेशगंज का साथी था, मुन्ना घेवड़ा की हत्या हो चुकी है।
जूता व्यवसायी को भी मारी थी गोली : डेरवा बाजार निवासी जूता व्यवसायी मो. मुमताज पुत्र मो. यूनुस 12 जुलाई को शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद करने जा रहे थे। तभी अपाची से आए तीन बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मुमताज का एसआरएन अस्पताल में 10 दिन तक इलाज चला था। मुमताज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उस घटना में पुलिस ने अजीत पुत्र त्रिभुवन निवासी भदारी लालगंज व अरशद पुत्र आकिल निवासी पतुलकी जेठवारा के साथ राहुल तिवारी का नाम प्रकाश में लाया था। एसओ विनोद यादव ने बताया कि मुमताज को गोली राहुल तिवारी ने ही मारी थी। राहुल ने व्यवसायी मोहम्मद अली से दो लाख रुपये में सुपारी ली थी। मोहम्मद अली की पत्नी से मुमताज का संबंध था। इसलिए उसने मुमताज की हत्या की सुपारी दी थी।