नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 57 करोड़ का बजट पास
नगरपालिका परिषद बेल्हा की बोर्ड बैठक शनिवार को पालिकाध्यक्ष प्रेमलता सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान बोर्ड द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए 57 करोड़ 29 लाख 42 हजार163 रुपये का बजट पास किया गया।
जासं, प्रतापगढ़ : नगरपालिका परिषद बेल्हा की बोर्ड बैठक शनिवार को पालिकाध्यक्ष प्रेमलता सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान बोर्ड द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए 57 करोड़ 29 लाख 42 हजार163 रुपये का बजट पास किया गया। सभी सदस्यों के समक्ष अनुमानित आय के सापेक्ष सममूल्य की धनराशि के व्यय को मंजूरी दी गयी। नगर पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी ने सदन को बजट के बारे में विस्तार बताया। इसका सदस्यों द्वारा मेज थपथपा कर अनुमोदन किया गया। बजट में मुख्य रूप से कान्हा गोशाला, अन्त्येष्टि स्थल, नगरीय झील पोखर तालाब संरक्षण, प. दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना एवं सौर पुं योजना सहित जनहित की अनेक योजनाओं का समावेश किया गया।
इसके अतिरिक्त नगर की सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति व्यवस्था, पथ-प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक उपकरणों के क्रय को बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की। सदस्यों ने अपने वार्डों में कराये जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव अध्यक्ष को दिए, जिन्हें अध्यक्ष द्वारा स्वीकार किया गया। अधिशासी अधिकारी को प्रस्तावों पर कार्यवाही के निर्देश दिए गये। बोर्ड बैठक के पूर्व अध्यक्ष कक्ष में शासन द्वारा नगरपालिका परिषद बेल्हा प्रतापगढ़ में नामित सदस्यों मलय कुमार सिंह, विक्रम सिंह, अजय भारती, श्रीमती गायत्री शुक्ला एवं श्रीमती सुमन शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गई। अधिशासी अधिकारी मुदित सिंह ने पालिका सदस्यों को माल्यार्पण एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनन्दन किया। बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष नगरपालिका ने सभी सभासदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में मुख्य रूप से अभय कुमार, इमरान, आरती सरोज, मालती सिंह, सिद्धार्थ सिंह, श्रीनाथ यादव, सुशील कुमार, प्रदीप कुमार, उदय शंकर मिश्र, आशीष जायसवाल, अनिल कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, धर्मशील शुक्ल, प्रेमा देवी, ज्ञानेश मिश्र, वन्दना शर्मा, छाया श्रीवास्तव, सुशीला मिश्रा, मुहीबुल आरफीन, दीपक कुमार, महरूननिशां इसके अतिरिक्त सभी नवमनोनीत सभासद उपस्थित रहें। बोर्ड बैठक का संचालन मुदित सिंह अधिशासी अधिकारी ने किया।