बिना अनुमति रैली करने पर 55 पर मुकदमा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में रैली निकालने वाले एआइएमआइएम के पांच कार्यकर्ताओं समेत 55 के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
जासं, प्रतापगढ़ : नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में रैली निकालने वाले एआइएमआइएम के पांच कार्यकर्ताओं समेत 55 के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पांच को जेल भेज दिया गया है बाकी की तलाश की जा रही है।
सीएए के खिलाफ एआइएमआइएम ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन किया था। कचहरी तक जुलूस व रैली निकाली थी। कचहरी परिसर में देश विरोधी नारे लगने पर अधिवक्ताओं से भिडं़त हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया था। मौके से ही कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। इस मामले में देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पार्टी के नेता इसरार अहमद, सुजात उल्ला, सलीम, रकीब व शाकिब को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ बिना अनुमति के जूलूस निकालने, बलवा करने और माहौल बिगाड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें इसरार समेत पांचों को बुधवार को जेल भेज दिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि बाकी अज्ञात लोगों पहचान फोटो और अन्य माध्यमों से की जा रही है। उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इधर बुधवार को भी पुलिस खास सतर्क रही। कचहरी व आसपास पीएसी भी तैनात रही। बिना अनुमति धरना प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने तैयारी कर रखी थी। चौक, बाबागंज, चिलबिला, भुलियापुर, महुली, सहोदरपुर, बेगम वार्ड, आजाद नगर समेत इलाके में पुलिस विशेष सतर्कता में नजर आई। हालांकि बुधवार को शहर में कोई धरना प्रदर्शन नहीं हुआ। विरोध करने वालों पर हो सख्ती
जासं, प्रतापगढ़ : नागरिकता संशोधन कानून देश के हित में है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं वह देश के प्रति आस्था नहीं रखते। संविधान को नहीं मानते। उन पर सख्त कार्रवाई सरकार को करनी चाहिए। यह बात बुधवार को मानव कल्याण सेवा संस्थान के नगर कार्यालय पंजाबी मार्केट में हुई बैठक में प्रबंधक श्याम शंकर पांडेय ने कही। अध्यक्षता कर रहे शिक्षाविद् दुर्गा प्रसाद शुक्ल महाकाल ने कहा कि विरोध के नाम पर हिसा अनुचित है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक में संरक्षक महेंद्र नाथ तिवारी, संगठन के अध्यक्ष सतीश चंद्र पांडेय, केपी सिंह, पारसनाथ मिश्रा, विजय ओझा, रमापति जायसवाल व ओम प्रकाश त्रिपाठी आदि ने भी विचार रखे।